
रायपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में डॉक्टर की टीम ने जटिल सर्जरी की है। 65 वर्षीय महिला के पेट से 10 किलो से ज्यादा वजन का ट्यूमर निकाला। सर्जरी पूरी तरह सफल रही और मरीज की स्थिति पहले से बेहतर है।
बिलासपुर जिले की कबीरधाम निवासी लक्ष्मी चौहान पिछले दो वर्षों से पेट में सूजन और लगातार बढ़ती शारीरिक परेशानियों से जूझ रही थीं। उन्हें पिछले 10 दिनों से लगातार उल्टियां हो रही थीं। भोजन करने और मल-मूत्र त्याग में भी असमर्थता थी। परिजनों की ओर से उन्हें सिम्स लाया गया। प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में भर्ती किया गया और जांच डॉ. नेहा सिंह ने की।
मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल भर्ती कर रक्त, मूत्र और सोनोग्राफी की जांच कराई गई। सोनोग्राफी रिपोर्ट में पेट में एक बड़ा ट्यूमर होने की पुष्टि हुई। डॉ. नेहा सिंह ने विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता रमन जोगी को मामले की जानकारी दी। मरीज की हालत की गंभीरता को देखते हुए डॉ. संगीता ने मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. लखन सिंह और अधिष्ठाता डॉ. रामनेश मूर्ति से चर्चा कर जीवन रक्षक ऑपरेशन की सहमति प्राप्त की गई।
जटिल सर्जरी में मरीज के पेट से 10 किलो 660 ग्राम वजनी ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाला गया। सिम्स प्रबंधन की ओर से डॉक्टरों की टीम को उनके समर्पण और तत्परता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया है। सिम्स के डाक्टरों के विशेषज्ञ टीम द्वारा जटिल सर्जरी कर 65 वर्षीय महिला के पेट से 10 किलो से अधिक वजन का ट्यूमर सफलता पूर्वक निकाला गया।
सर्जरी करने वाली टीम ये शामिल रहे
सिम्स प्रबंधन की ओर से सर्जरी के लिए एक विशेषज्ञ टीम गठित की गई। इसमें डॉ. संगीता रमन जोगी, डॉ. दीपिका सिंह, डॉ. रचना जैन, डॉ. अंजू गढ़वाल एवं निश्चेतना विभाग से डॉ. मधुमिता मूर्ति, डॉ. श्वेता, डॉ. प्राची, डॉ. आकांक्षा एवं नर्सिंग स्टाफ से ब्रदर अश्विनी शामिल थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

