
रायपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बीजापुर प्रवास के दौरान शुक्रवार को विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की और कहा कि बच्चों, महिलाओं और किशोरियों का पोषण और स्वास्थ्य बहुत जरूरी है। इसके लिए सभी अधिकारी मिलकर बेहतर काम करें।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि कुपोषण में कमी लाना विभाग की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले छह महीने के अंदर पोषण सुधार के लिए विशेष अभियान चलाएं। घर-घर जाकर हितग्राहियों से मिलें और पर्यवेक्षक नियमित निरीक्षण करें योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचे, इसके लिए प्रचार-प्रसार जरूरी है। जनप्रतिनिधियों की मदद से जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाते रहें।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने यह भी निर्देश दिए कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत की जरूरत है, उनकी सूची बनाकर जल्द जिला प्रशासन को भेजें ताकि समय पर काम शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि छह महीने बाद वह दोबारा बीजापुर आएंगी और योजनाओं की जमीनी हकीकत का निरीक्षण करेंगी। बैठक में विभाग के संचालक पदुम सिंह एल्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी, परियोजना अधिकारी और पर्यवेक्षक शामिल रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

