
रायपुर। केंद्र सरकार के पर्यटन मंत्रालय की ओर से "देखो अपना देश" अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत देशभर के नागरिकों को अपने राज्य के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थलों के लिए वोट करने का मौका मिल रहा है। छत्तीसगढ़ के अद्वितीय और खूबसूरत गंतव्यों को इस राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का यह एक सुनहरा अवसर है।
इसी कड़ी में बलौदाबाजार के कलेक्टर दीपक सोनी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वह अभियान का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा है कि "जिले के प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और एतिहासिक स्थलों को पूरे देश में पहचान दिलाने का यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया है कि वह अपने जिले सहित राज्य के बाकी गंतव्यों के लिए वोट जरूर करें और इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।"
इस तरह से कर सकते हैं वोट
वोटिंग के लिए नागरिकों को इस वेबसाइट
(https://forms.gle/ANvrFcQqxg55EkSw7) का उपयोग करना होगा। इस फॉर्म के माध्यम से लोग छत्तीसगढ़ सहित बलौदाबाजार भाटापारा के उन स्थलों के लिए वोट कर सकते हैं, जिन्हें वे राज्य और देश का गौरव मानते हैं। राज्य सरकार ने भी सभी से आग्रह किया है कि वे इस लिंक को अपने सोशल मीडिया पर साझा करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान में भाग ले सकें।
15 सितंबर तक कर सकते हैं वोट
इस अभियान में वोट करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2024 है। इसके बाद, चुने गए गंतव्यों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित किया जाएगा, जिससे राज्य सहित जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक विकास के नए अवसर पैदा होंगे। छत्तीसगढ़ राज्य में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, और यह अवसर हमें अपनी धरोहर, संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता को देशभर में फैलाने का मौका देता है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

