
रायपुर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अब राशनकार्ड के नवीनीकरण के लिए 15 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। अब तक कुल 70,26,106 राशन कार्डधारकों का नवीनीकरण किया जा चुका है। नवीनीकरण कराने में बीजापुर जिला प्रदेश में पहले पायदान पर है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देश पर राशनकार्ड के नवीनीकरण और राशनकार्डधारियों का ई-केवाईसी किया जा रहा है। प्रदेश के सभी श्रेणी के राशनकार्ड अन्त्योदय, प्राथमिकता, एकल निराश्रित, निशक्तजन और एपीएल योजना के राशनकार्डधारियों का ई-केवाईसी एवं राशनकार्डों के नवीनीकरण 15 अगस्त 2024 तक अनिवार्य रूप से कराने के लिए कहा गया है। खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार राशनकार्ड नवीनीकरण करने के लिये ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। वर्तमान में प्रदेश में लगभग 77 लाख राशनकार्ड धारक हैं।
बीजापुर में 71,109 राशन कार्डधारियों ने नवीनीकरण कराया
नवीनीकरण के कार्य में पहले पायदान पर बीजापुर जिला है, कुल 71,329 राशन कार्डधारियों में से 71,109 ने, द्वितीय स्थान पर नारायणपुर जिला 36,136 राशन कार्डधारियों में से 35,790 ने, इसी प्रकार तृतीय स्थान पर सुकमा जिला जहां 78,703 राशन कार्डधारियों में से लगभग 78 हजार ने अपना राशन कार्ड नवीनीकरण का कार्य करवा लिया है।
मोबाइल एप तैयार किया गया
राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए खाद्य विभाग की ओर से खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोेक्ता संरक्षण विभाग का नया मोबाइल एप तैयार किया गया है, इसे प्ले स्टोर में जाकर डाउनलोड किया जा सकता है। कार्डधारक खाद्य विभाग की वेबसाइट
http://khadya.cg.nic.in से डाउनलोड करके नवीनीकरण का कार्य कर सकते हैं। कार्डधारक उचित मूल्य दुकान में भी जाकर ऑनलाइन अपना नवीनीकरण और ई-केवाईसी का कार्य करवा सकतें है।
ई-केवाईसी के लिए प्रत्येक कार्डधारकों का बायोमेट्रिक अपडेट होना चाहिए, जिन सदस्यों का बाल आधार बना है, उन्हें पहले आधार सेवा केंद्र से अपना बायोमेट्रिक अपडेट कराना होगा। इसके बाद उचित मूल्य दुकान के ई-पॉस मशीन से ई-केवाईसी करा सकते हैं। राशनकार्ड में ई-केवाईसी और नवीनीकरण की सुविधा निशुल्क है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

