
रायपुर।भारतीय जनता पार्टी प्रदेशभर में "मोर तिरंगा, मोर अभिमान" नामक राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत व्यापक जनअभियान चलाने जा रही है। यह अभियान चरणबद्ध रूप से आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनता में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत आज से हो गई है, जो 15 अगस्त तक विभिन्न आयोजनों के साथ जारी रहेगा। पार्टी ने इस अभियान के तहत प्रदेश के 60 लाख घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
चरणबद्ध कार्यक्रम इस प्रकार होंगे-
•6 से 8 अगस्त: जिला और मंडल स्तर पर बैठकों के माध्यम से रणनीति तैयार की जाएगी।
•10 से 14 अगस्त: प्रत्येक मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
•12 से 14 अगस्त: स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिससे लोगों में इतिहास और स्वच्छता दोनों के प्रति जागरूकता बढ़े।
•13 से 15 अगस्त: हर घर और प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराने का अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जा रहा है।
•14 अगस्त: विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी और विभाजन के दर्द को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
जनजागरण और सैन्य गौरव से होगा परिचय
अभियान के माध्यम से आम जनता को ऑपरेशन सिंदूर और भारतीय सेना के पराक्रम से भी अवगत कराया जाएगा। इससे युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना को प्रोत्साहन मिलेगा और देश के प्रति सम्मान और अभिमान की भावना और मजबूत होगी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने बताया कि यह अभियान सिर्फ झंडा फहराने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके माध्यम से जनता के बीच एक राष्ट्रभक्ति का वातावरण निर्मित किया जाएगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

