
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinhaरायपुर | छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर सुशासन और डिजिटल इंडिया की दिशा में बड़ी छलांग लगाई है। राजधानी नवा रायपुर के अटल नगर में देश का पहला “स्मार्ट पंजीयन कार्यालय” आज से शुरू हो गया है। यह कार्यालय तकनीक, सुविधा और पारदर्शिता का अनोखा संगम है।
अब रजिस्ट्री सिर्फ 15 मिनट में
अब नागरिकों को जमीन, मकान या दुकान की रजिस्ट्री के लिए घंटों इंतज़ार नहीं करना होगा। नवा रायपुर स्थित इस स्मार्ट कार्यालय में रजिस्ट्री की प्रक्रिया अब मात्र 15-20 मिनट में पूरी हो जाएगी — वो भी एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाओं के साथ।
स्मार्ट पंजीयन कार्यालय की खास बातें
पूरी प्रक्रिया डिजिटल और कैशलेस भुगतान आधारित
फ्री वाई-फाई, चार्जिंग पॉइंट और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड
क्यू-मैनेजमेंट सिस्टम से लाइन में लगने की झंझट खत्म
वातानुकूलित परिसर और एयरपोर्ट जैसी वॉशरूम सुविधाएं
हर स्टेप पर सहायता के लिए प्रशिक्षित हेल्पडेस्क स्टाफ
उद्घाटन समारोह में मौजूद रहे दिग्गज
इस स्मार्ट पंजीयन कार्यालय का उद्घाटन प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया। साथ में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर रायपुर की वीणा देवांगन ने पहला सेल डीड कराकर रजिस्ट्री प्रक्रिया का कैशलेस प्रदर्शन किया।
PPP मॉडल पर तैयार – छत्तीसगढ़ बना रोल मॉडल
यह कार्यालय PPP (Public-Private Partnership)मॉडल पर विकसित किया गया है, जिससे सरकारी सेवाओं में निजी क्षेत्र की दक्षता और आधुनिकता को जोड़ा गया है। अब नागरिकों को सरकारी दफ्तरों की भीड़ और असुविधा से छुटकारा मिलेगा।
117 पंजीयन कार्यालयों को स्मार्ट बनाने का लक्ष्य
छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य है कि अगले एक वर्ष में प्रदेश के सभी 117 पंजीयन कार्यालयों को स्मार्ट बनाया जाए। पहले चरण में 10 कार्यालयों का विकास शुरू हो चुका है, जिनमें नवा रायपुर का कार्यालय पूरी तरह तैयार है।
क्या बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पहल को छत्तीसगढ़ में सुशासन और नागरिक सुविधा के नए युग की शुरुआत बताया।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा, “स्मार्ट पंजीयन कार्यालय, सरकार की नागरिक केंद्रित सोच और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की प्रतिबद्धता का उदाहरण है। यह मॉडल आने वाले समय में पूरे देश में अपनाया जाएगा।”
रिपोर्ट प्रशांत द्विवेदी
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

