
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ इलाके से बड़ी खबर आई है। सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बड़े नक्सली मार गिराए गए। खास बात यह है कि दोनों पर 40-40 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अभियान की सराहना करते हुए इसे “छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में निर्णायक उपलब्धि” बताया है।
अबूझमाड़ का सफल अभियान
नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान मुठभेड़ में दो नक्सली ढेर हो गए। ये दोनों लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड लिस्ट में थे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 2 नक्सली न्यूट्रलाइज किए गए हैं। दोनों पर 40-40 लाख रुपये का इनाम घोषित था।”
शांति, सुरक्षा और विकास की राह
मुख्यमंत्री ने इस सफलता को सिर्फ एक ऑपरेशन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ में शांति, सुरक्षा और विकास की नई शुरुआत करार दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। साय ने कहा, “यह सफलता केवल नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में एक निर्णायक पड़ाव ही नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ में शांति, सुरक्षा और विकास की प्रक्रिया को और भी गति प्रदान करती है।”
सुरक्षाकर्मियों की बहादुरी को सलाम
सीएम ने अभियान में शामिल सुरक्षाबलों को बधाई दी और उनकी वीरता की तारीफ की। उन्होंने कहा, “सुरक्षाकर्मियों की बहादुरी और समर्पण से ही प्रदेश आज शांति और विकास की राह पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।”
2026 तक नक्सलमुक्त भारत का सपना
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति की सराहना करते हुए बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विजन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी के नेतृत्व में नक्सलवाद का अंत अब पहले से कहीं अधिक निकट और निश्चित होता दिखाई दे रहा है। मुझे विश्वास है कि मार्च 2026 तक नक्सलमुक्त भारत का संकल्प अवश्य साकार होगा।”
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

