सोमवार, 30 मार्च 2026
Logo
Chhattisgarh

प्रधानमंत्री की माताश्री हीराबेन मोदी की पुण्य स्मृति में आयोजित शिव महापुराण कथा में मुख्यमंत्री शामिल हुए

16 जन, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
newsworld web

newsworld web

Sandeep Sinha
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinha

रिपोर्ट - शेष चरण गुप्ता

रायगढ़ | जिले के खरसिया विकासखंड अंतर्गत सुदूर आदिवासी अंचल बरगढ़ खोला के ग्राम खम्हार में आयोजित शिव महापुराण कथा में आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। यह भव्य धार्मिक आयोजन देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की माताश्री हीराबेन मोदी की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि स्वरूप आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री के साथ कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, जांजगीर सांसद कमलेश जांगड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से प्रदेश की सुख, शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन परंपरा और आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में नैतिकता, संस्कार और सामाजिक समरसता को बल मिलता है। उन्होंने कहा कि सुदूर वनांचल क्षेत्र में इस प्रकार का विशाल धार्मिक आयोजन होना पूरे अंचल के लिए पुण्य का अवसर है।

मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बाल कथा व्यास कृष्णा दुबे महाराज से आशीर्वाद लिया और कहा कि इतनी कम उम्र में शिव महापुराण जैसे महान ग्रंथ का संगीतमय कथा-वाचन प्रभु की विशेष कृपा से संभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि अनेक शासकीय कार्यक्रमों के बावजूद उनका मन इस दिव्य आयोजन में आने को प्रेरित करता रहा।

आयोजन समिति एवं संकल्पकर्ता मनु राठिया की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक मध्यम वर्गीय परिवार द्वारा वनांचल क्षेत्र में इतना भव्य धार्मिक आयोजन करना असाधारण साहस और बड़े हृदय का परिचायक है। यह आयोजन केवल एक परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लोगों को पुण्य का भागी बनने का अवसर प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वही भूमि है जहां प्रभु श्रीराम ने अपने वनवास काल का अधिकांश समय व्यतीत किया। माता शबरी के जूठे बेरों की महिमा आज भी जीवंत है। उन्होंने बताया कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा अवसर पर छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल से बना प्रसाद अर्पित किया गया, जो राज्य के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि रामलला दर्शन योजना के तहत बीते दो वर्षों में 40 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या दर्शन कर चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत 19 चिन्हित तीर्थ स्थलों की यात्रा कराते हुए अब तक 5 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित हुए हैं।

प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि शिव महापुराण कथा जैसे आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक एकता के सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने आयोजन समिति और कथा व्यास को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

शिव महापुराण कथा का शुभारंभ प्रतिदिन प्रातः 9 बजे होता है। कथा-वाचन अकोला से पधारे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बाल कथा व्यास कृष्णा दुबे महाराज द्वारा संगीतमय शैली में किया जा रहा है। समापन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। आयोजन को सफल बनाने में महेश साहू एवं उनकी टीम का सक्रिय सहयोग रहा।

इस अवसर पर आयोजनकर्ता ग्राम कुनकुनी निवासी मुन्नूलाल राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा गबेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें