रविवार, 29 मार्च 2026
Logo
Chhattisgarh

यूपीएससी की परीक्षा में सफल छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वीडियो कॉल के जरिए दी बधाई

07 मार्च, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
यूपीएससी की परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों से वीडियो कॉल के जरिए बात करते मुख्यमंत्री विष्णु देव साय।

यूपीएससी की परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों से वीडियो कॉल के जरिए बात करते मुख्यमंत्री विष्णु देव साय।

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफल होकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वीडियो कॉल के जरिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। सफल अभ्यर्थियों से मुख्यमंत्री ने संवाद भी किया और कहा कि उनकी यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। 


मुख्यमंत्री ने खरसिया (रायगढ़) निवासी रौनक अग्रवाल, रायपुर निवासी संजय डहरिया, धमतरी जिले के परसवानी निवासी डायमंड सिंह ध्रुव और एमसीबी जिले के जनकपुर निवासी दर्शना सिंह से बातचीत की। इनके परिवारजनों से भी संवाद किया और इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं ने अपनी मेहनत, लगन और धैर्य के बल पर प्रतिष्ठित यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। साथ ही यह संदेश दिया है कि निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊंचाई को प्राप्त किया जा सकता है।


छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं 

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ से युवाओं का सिविल सेवा में चयन होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इससे यह सिद्ध होता है कि छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और हमारे युवा अपने परिश्रम के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के सपनों को नई ऊर्जा और दिशा देने वाली प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी प्रतिभाशाली युवा प्रशासनिक सेवाओं में रहते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा करेंगे और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें