
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinhaरिपोर्ट - प्रशांत द्विवेदी
रायपुर । राजनांदगांव स्थित स्टेट स्कूल ग्राउंड में युवा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने डॉ. सिंह को जन-जन का नेता बताते हुए कहा कि उनका जीवन सादगी, मितभाषिता और जनसेवा की मिसाल है। मुख्यमंत्री साय ने कहा, "डॉ. रमन सिंह ने पंद्रह वर्षों तक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में राज्य के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव रखी। उनकी सोच और योजनाओं ने छत्तीसगढ़ को नई दिशा दी।" उन्होंने पीडीएस के प्रभावी मॉडल की सराहना की, जिसे पूरे देश में अपनाया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह डॉ. सिंह की संवेदनशीलता और दूरदर्शिता का परिणाम है कि गरीबों को आज भी निशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।
किसानों के लिए क्रांतिकारी कदम
सीएम साय ने कहा कि डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में किसानों को सशक्त बनाने के लिए धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाया गया। उनकी नीतियों की बदौलत आज छत्तीसगढ़ 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रहा है और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक की सीमा तय की गई है।
शिक्षा और स्वास्थ्य में लाया गया सुधार
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि डॉ. सिंह के नेतृत्व में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए, विशेषकर जनजातीय अंचलों में। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दंतेवाड़ा एजुकेशन सिटी की प्रशंसा करना, इस बात का प्रमाण है कि डॉ. सिंह की योजनाओं ने जमीनी स्तर पर बदलाव लाए।
सादगी और विनम्रता उनकी विशेषता
डॉ. सिंह की सादगी, मितभाषिता और सहजता की चर्चा करते हुए साय ने कहा कि इतनी ऊँचाइयों पर पहुँचने के बावजूद वे सदैव विनम्र रहे और हर व्यक्ति से आत्मीयता से मिले। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने वाले विधानसभा प्रबोधन कार्यक्रम जैसे नवाचारों की भी प्रशंसा की।
संगीतमय हुआ माहौल
समारोह में पद्मश्री कैलाश खेर ने अपनी संगीतमयी प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

