
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत जशपुर जिले में 2 लाखवां पौधा मंगलवार को बंदरचुंआ की महतारी वंदन योजना की लाभार्थी नीलम टोप्पो को सौंपा। जशपुर जिले में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत महतारी वंदन योजना की लाभार्थियों को निशुल्क पौधा वितरण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गत माह 14 जुलाई को दुलदुला से अभियान की शुरुआत की थी। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री साय ने मंगलवार को ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत जशपुर जिले में चल रहे पौध वितरण अभियान के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी वितरण किया। मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी कौशल्या साय उपस्थित रहीं।
सास के नाम से आंगन में आम का पौधा लगाएंगी टोप्पो
नीलम टोप्पो ने बताया कि वह अपने घर के आंगन में अपनी सास के नाम से आम का पौधा लगाएंगी। जो कि उन्हें मुख्यमंत्री की ओर से दिया गया। महतारी वंदन योजना को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें हर माह 1 हजार की राशि मिल रही है। पिछले माह मिली राशि से उन्होंने अपने बेटे ईशांत टोप्पो के लिए कॉपी, स्कूल बैग और पाठ्य सामग्री खरीद कर दिया, वह कक्षा 6 वीं का छात्र है। यह महतारी वंदन से मिली राशि से ही संभव हुआ है। महतारी वंदन की राशि का उपयोग वह अपने दैनिक उपयोग की सामग्री खरीदने में करती हैं । साथ ही कुछ राशि को भविष्य के लिए बचत करके रखती हैं, ताकि आपात स्थिति में उस राशि का उपयोग किया जा सके।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

