शनिवार, 04 अप्रैल 2026
Logo
Chhattisgarh

सीएम साय केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिले, नक्सल उन्मूलन अभियानों और आगे की रणनीति की दी जानकारी

01 अग, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
Cm vishnu dev sai and HM Amit Shah

Cm vishnu dev sai and HM Amit Shah

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को संसद भवन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियानों, उपलब्धियों और आगे की रणनीति की जानकारी दी। साथ ही समग्र विकास पर भी चर्चा की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों में पिछले डेढ़ वर्षों में उल्लेखनीय सफलता मिली है। दिसंबर 2023 से अब तक 33 बड़ी मुठभेड़ों में शीर्ष माओवादी नेताओं सहित 445 माओवादी न्यूट्रलाइज किए गए हैं। वहीं, 1554 माओवादी गिरफ्तार किए गए हैं, एवं 1588 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। सीएम विष्णुदेव साय ने बस्तर के विकास और सुरक्षा में सहयोग और मार्गदर्शन के लिए अमित शाह को धन्यवाद भी ज्ञापित किया।

 

स्थानीय समुदायों में प्रशासन के प्रति भरोसा भी बढ़ा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा राज्य सरकार की 'समन्वित विकास और सुरक्षा' नीति के तहत माओवादी प्रभाव को पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। इस दिशा में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इन प्रयासों से न केवल माओवादी प्रभाव कम हुआ है, बल्कि स्थानीय समुदायों में प्रशासन के प्रति भरोसा भी बढ़ा है। 

 

केंद्र की ओर से हरसंभव सहयोग का किया वादा 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ सरकार की माओवाद उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने माओवादी उन्मूलन के लिए राज्य सरकार के प्रयासों को ऐतिहासिक बताया। साथ ही केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग देने का वादा किया।

 

अमृत रजत महोत्सव 2025 की तैयारियों पर हुई चर्चा 

केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात के दौरान सीएम साय ने छत्तीसगढ़ के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले अमृत रजत महोत्सव 2025 की तैयारियों पर भी चर्चा की। सीएम साय ने बताया कि इस आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। महोत्सव के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता, और आर्थिक उपलब्धियों को दुनिया के सामने प्रदर्शित किया जाएगा।


 

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें