शुक्रवार, 03 अप्रैल 2026
Logo
Chhattisgarh

दक्षिण कोरिया के सियोल में एटीसीए के प्रतिनिधिमंडल से मिले सीएम साय, छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर की चर्चा

27 अग, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
Cm vishnu dev sai

Cm vishnu dev sai

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को दक्षिण कोरिया के सियोल में एडवांस्ड टेक्नोलॉजी सेंटर एसोसिएशन (एटीसीए) के चेयरमैन लीजे जेंग व वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। उनके साथ छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्हें बताया कि प्रदेश सरकार निवेशकों के लिए एक अनुकूल वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध है।

एटीसीए एक सशक्त औद्योगिक नेटवर्क है। जिसमें आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, फार्मा और टेक्सटाइल क्षेत्र की 60 से अधिक प्रमुख कंपनियां शामिल हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लीजे जेंग और उनके साथ आए वरिष्ठ अधिकारियों को आमंत्रित किया कि वे अपने आगामी भारत दौरे के समय छत्तीसगढ़ जरूर पहुंचे और राज्य में उपलब्ध निवेश व सहयोग की संभावनाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन करें।

 

एटीसीए ने छत्तीसगढ़ की कंपनियों के साथ बी2बी साझेदारी में रुचि दिखाई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी और एम्स जैसे राष्ट्रीय संस्थान मौजूद हैं, जो विश्वस्तरीय प्रतिभा उपलब्ध कराते हैं। राज्य का ‘प्लग एंड प्ले’ इंफ्रास्ट्रक्चर और सशक्त लॉजिस्टिक्स नेटवर्क छत्तीसगढ़ को एटीसीए के अनुसंधान और विकास केंद्रों और भारत में उनके विस्तार का स्वाभाविक हब बनाता है।

 

छत्तीसगढ़ में मजबूत बुनियादी ढांचा उपलब्ध

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से विकसित हो रहा है। यहां उद्योग-अनुकूल नीतियां, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन, कुशल मानव संसाधन तथा मज़बूत बुनियादी ढांचा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, फार्मा और टेक्सटाइल जैसे उभरते क्षेत्रों में एटीसीए कंपनियां यहां आकर निवेश करें और साझेदारी के नए आयाम स्थापित करें। इससे प्रदेश के युवाओं को बड़े पैमाने पर रोज़गार मिलेगा। स्थानीय उद्योगों को भी नई ताक़त मिलेगी।

 

छत्तीसगढ़ दक्षिण कोरियाई कंपनियों के लिए असीम संभावनाओं की धरती

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने दक्षिण कोरिया प्रवास के दौरान सियोल में आयोजित छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में भाग लिया, जिसका आयोजन इंडियन चेम्बर ऑफ कॉमर्स इन कोरिया (आईसीसीके) के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ दक्षिण कोरियाई कंपनियों के लिए असीम संभावनाओं की धरती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज संसाधनों से समृद्ध है, जो ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योगों के लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण हैं।  राज्य में प्रचुर मात्रा में लिथियम उपलब्ध है, जो ईवी (इलेक्ट्रिक व्हीकल) क्रांति और नई पीढ़ी के उद्योगों को गति देने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि  छत्तीसगढ़ वैश्विक ऊर्जा संक्रमण का स्वाभाविक केंद्र बन सकता है।

 

विकास का एक नया युग लिखा जाएगा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आईसीसीके को नॉलेज पार्टनर के रूप में शामिल करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ औद्योगिक नीति 2024–30 के तहत तकनीक, स्किलिंग और वैश्विक सहयोग को एक नई दिशा दी जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कोरिया की नवाचार क्षमता और छत्तीसगढ़ के संसाधनों के मिलन से विकास का एक नया युग लिखा जाएगा।

 

निवेशकों के लिए प्रदेश सरकार की नीति की दी जानकारी

मुख्यमंत्री ने कहा छत्तीसगढ़ सरकार प्रत्येक निवेशक को “सिंगल विंडो क्लियरेंस” से लेकर भूमि आवंटन, आवश्यक अनुमतियों और सहयोगी नीतियों तक हर स्तर पर सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दक्षिण कोरिया कंपनियों की भागीदारी से छत्तीसगढ़ के औद्योगिक परिदृश्य में नए अवसरों का सृजन होगा और दक्षिण कोरिया-भारत औद्योगिक सहयोग को एक नई ऊँचाई मिलेगी।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें