
रायपुर। बिलासपुर में रहने वाली निशा यादव के पास शुक्रवार की सुबह एक फोन आया और फोन पर एक सौम्य सी आवाज में किसी ने उससे कहा- आपको किलिमंजारो चढ़ना है, आप खर्च की चिंता न करें। निशा कुछ चकित हुई और आश्चर्य से पूछा आप कौन हैं। सामने से आवाज आई 'बेटा मैं विष्णु देव साय बोल रहा हूं।'

निशा को जैसे भरोसा ही नहीं हुआ, उसने आश्चर्यचकित भाव से कहा आप सच में मुख्यमंत्री में बोल रहे हैं। उसे यकीन नहीं हो रहा था, लेकिन जब मुख्यमंत्री ने पूरी बात बताई और कहा कि आप अपने लक्ष्य पर फोकस करें। छत्तीसगढ़ के हर एक बेटी का सपना पूरा करना हमारी जिम्मेदारी है। छत्तीसगढ़ सरकार आपके साथ खड़ी है। इसके बाद निशा को भरोसा हो गया कि फोन पर उनकी बात मुख्यमंत्री से ही हो रही है।
मुख्यमंत्री की बात सुनकर निशा यादव की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। निशा को इस बात पर भी यकीन करना पड़ा मुश्किल हो रहा था कि बिना किसी आवेदन या आग्रह के मुख्यमंत्री ने उनका सपना पूरा करने की पहल की है। मुख्यमंत्री ने निशा के साथ पर्वतारोहण के बारे विस्तार से बात की। निशा ने मुख्यमंत्री को यूरोप महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुस की चढ़ाई के दौरान आई चुनौतियों के बारे में बताया। उसने बताया कि पर्वत की यात्राएं रोमांच से भर देती हैं। पर्वतों की चोटी पर तिरंगा फहराना गर्व से भर देता है।
निशा ने अपना सपना साझा किया
निशा ने मुख्यमंत्री को बताया कि अब वह अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी किलिमंजारो को फतह करना चाहती हैं और उनका अंतिम लक्ष्य माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने का है। निशा ने भावुक होते हुए मुख्यमंत्री कि बताया कि वह पिछले कई दिनों से सो नहीं पा रही थी। उसके पिता ऑटो चालक हैं और अपने सपने को पूरा कर पाना उनके लिए कठिन था। मन में बड़ी दुविधा थी कि यह कैसे संभव हो पाएगा, उसका सपना कैसे पूरा होगा। आज मुख्यमंत्री ने उसकी सारी चिंताओं को दूर कर दिया है। निशाने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।
छत्तीसगढ़ को अपनी बेटियों पर गर्व है
निशा यादव की आत्मविश्वास भरी बातों को सुनकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को अपनी बेटियों पर गर्व है। वह चाहेंगे कि छत्तीसगढ़ की बेटी माउंट एवरेस्ट पर भी तिरंगा फहराए। उन्होंने कहा कि आर्थिक हालात से हौसले पस्त नहीं होते। उन्होंने निशा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका आत्मविश्वास और जुनून जरूर उनको लक्ष्य तक पहुंचाएगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

