शुक्रवार, 03 अप्रैल 2026
Logo
Chhattisgarh

सीएम विष्णुदेव साय सरताज फूड्स, ओसाका को छत्तीसगढ़ में फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाने के लिए 100 रुपए करोड़ का दिया निवेश प्रस्ताव

25 अग, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
Cm vishnu dev sai

Cm vishnu dev sai

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। सीएम विष्णु देव साय ने सोमवार को जापान के ओसाका में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट में निवेशकों से संवाद किया। सरताज फूड्स को छत्तीसगढ़ में फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाने के लिए 11.45 मिलियन डॉलर (100 करोड़ रुपए) का निवेश प्रस्ताव दिया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, प्रतिभाशाली मानवबल और उद्योग-अनुकूल नीतियों का सशक्त संगम है। भारत और जापान विश्वास और साझा मूल्यों की गहरी डोर से जुड़े हैं। मुख्यमंत्री ने जापानी साझेदारों से आह्वान किया कि वे नवाचार, अवसर और साझा समृद्धि से आगे बढ़ रही छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा में भागीदार बनें।

 

सरताज फूड्स को दिए गए प्रस्ताव के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना राज्य के फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र को नई ऊंचाई देगी। बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन करेगी और किसानों को नए अवसर देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से छत्तीसगढ़ की कृषि-आधारित अर्थव्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

 

मोराबु हंशिन कंपनी के प्रेसिडेंट से मुलाकात की 

बिजनेस-टू-गवर्नमेंट बैठकों के अंतर्गत मुख्यमंत्री साय ने मोराबु हंशिन कंपनी के प्रेसिडेंट और रिप्रेजेंटेटिव डायरेक्टर नाओयुकी शिमाडा से भी भेंट की। यह कंपनी कुशल इंजीनियरों, सिस्टम डेवलपमेंट और वर्कफोर्स सॉल्यूशंस के क्षेत्र में अग्रणी है। बैठक में कौशल प्रशिक्षण और वर्कफोर्स एक्सचेंज के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए वैश्विक अवसरों का मार्ग प्रशस्त होगा और राज्य का कौशल तंत्र और अधिक सशक्त बनेगा।

 

प्रदेश की प्रतिस्पर्धात्मक विशेषताओं को प्रस्तुत किया

प्रदेश के अधिकारियों ने राज्य की प्रतिस्पर्धात्मक विशेषताओं को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि प्रचुर खनिज संपदा, सक्रिय सिंगल-विंडो क्लियरेंस सिस्टम, विश्वस्तरीय औद्योगिक ढांचा और वैश्विक निवेशकों को सहज वातावरण उपलब्ध कराना छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत है। राज्य में किए जा रहे सुधारों और निवेशकों के लिए प्रोत्साहन योजनाओं की जापानी प्रतिनिधियों ने सराहना की। विशेषकर फूड प्रोसेसिंग, प्रौद्योगिकी और उन्नत वर्कफोर्स सॉल्यूशंस के क्षेत्र में निवेश की इच्छुक कंपनियों ने छत्तीसगढ़ को उपयुक्त अवसरों का प्रदेश बताया।

 

निवेश अनुकूल इकोसिस्टम देने के लिए प्रतिबद्ध छत्तीसगढ़ 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा छत्तीसगढ़ निवेश-अनुकूल इकोसिस्टम प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में वैश्विक साझेदारों को अवसर और सहयोग दोनों मिलते हैं। जापान के साथ हमारी साझेदारी विश्वास और साझा मूल्यों पर आधारित है। ओसाका में हुई चर्चाएं न केवल निवेश लेकर आएंगी, बल्कि हमारे किसानों को सशक्त बनाएंगी। युवाओं के लिए रोजगार उत्पन्न करेंगी और विकसित छत्तीसगढ़ की नींव को और अधिक मजबूत करेंगी।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें