
रायपुर। उप मुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सड़क, सेतु और भवन निर्माण की सभी परियोजनाओं के कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के लिए कहा। साथ ही कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को फील्ड में सक्रियता व गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त सभी कार्यों में तेजी से भू-अर्जन कर निविदा की कार्यवाही पूरी करने और जल्द काम शुरू करने के लिए कहा। शासन से स्वीकृत सड़क निर्माण के कार्यों के लिए जरूरी भू-अर्जन की कार्यवाहियों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने इस संबंध में जिला कलेक्टर के साथ मिलकर तत्काल कार्यवाही करने के लिए कहा। सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ ही उन्हें निर्धारित समय पर पूरा करने पर जोर दिया। समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह और प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी भी शामिल हुए।
बारिश के बाद सड़कों की मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर किया जाए
उपमुख्यमंत्री ने बैठक में मौजूद सेतु बंध और सभी परिक्षेत्रों के मुख्य अभियंताओं को निर्देशित किया कि वह अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए प्रस्तावित कार्यों के लिए जरूरी मंजूरी तत्काल दें। उन्होंने डीपीआर बनाते समय ही परियोजना का अच्छे से मूल्यांकन करने को कहा, जिससे बजट और कार्य पूरा करने के लिए निर्धारित समय के पुनरीक्षण की जरूरत न पड़े। उन्होंने बरसात के तत्काल बाद प्रदेशभर में सड़कों की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए। दिसम्बर तक सभी जिलों में मरम्मत का काम पूर्ण करने को कहा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

