
रायपुर। उपमुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने गुरुवार को राजधानी के कौशल्या विहार में 'वीमेन फॉर ट्रीज' अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के प्रति जागरूक होकर हम सभी को ज्यादा से ज्यादा संख्या में पौधे लगाना चाहिए। प्रदेश स्तरीय इस अभियान से 1701 समूहों की 2300 से अधिक महिलाएं जुड़ीं हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तीकरण के लिए 'वीमेन फॉर ट्रीज' अभियान से स्वसहायता समूहों की महिलाओं को जोड़ा गया है। वे इस अभियान में चयनित स्थलों पर वृक्षारोपण करेंगी और पौधों की देखभाल एवं सुरक्षा भी करेंगी। केंद्र सरकार की ओर अभियान के तहत राज्य के नगरीय निकायों में वृक्षारोपण के लिए 444 परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं।
विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में लगातार वृक्षारोपण के काम हो रहे हैं। पर्यावरण के संरक्षण के साथ ही ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों से निपटने में इससे मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि 'वीमेन फॉर ट्रीज' अभियान को महिलाओं के माध्यम से अमलीजामा पहनाया जाएगा। हम सभी को भी इसमें सहभागिता देनी है।
शहरों में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से अभियान
शहरों में हरित स्थानों की संख्या में बढ़ोतरी के लिए 'वीमेन फॉर ट्रीज' अभियान शुरू किया गया है। यह केंद्र सरकार के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से प्रेरित है। केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय की अनूठी पहल 'अमृत मित्र' के तहत स्वसहायता समूहों को प्रेरित करने के लिए इस वृक्षारोपण अभियान को शुरू किया गया है। मिशन अमृत 2.0 के अंतर्गत नगरीय निकायों में सरकारी स्वामीत्व की भूमियों, वाटर बॉडीज, आंगनबाड़ियों, सरकारी अस्पतालों, स्कूलों, उद्यानों, एसटीपी/डब्ल्यूटीपी, एसएलआरएम सेंटर्स, मुक्तिधामों, कृष्णकुंजों, गौठानों, धार्मिक स्थलों, एएचपी आवासों, रोड डिवाइडर्स इत्यादि में महिला समूहों के माध्यम से वृक्षारोपण किए जाएंगे।
रायपुर ननि में 60 स्थानों पर किया जाएगा वृक्षारोपण
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि 'वीमेन फॉर ट्रीज' अभियान के अंतर्गत रायपुर नगर निगम में 60 स्थानों पर वृक्षारोपण किया जाएगा। इसके लिए स्वसहायता समूहों की 232 महिलाओं को अभियान से जोड़ा गया है। मातृशक्ति ही इस अभियान को आगे बढ़ाएंगी। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ ही महिलाओं को आर्थिक मजबूती प्रदान करेगा।
इनकी रही मौजूदगी
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नंद कुमार साहू, रायपुर नगर निगम के सभापति सूर्यकांत राठौर, आयुक्त विश्वदीप, सूडा के सीईओ शशांक पाण्डेय और गजराज बांध संरक्षण समिति के अध्यक्ष पीके साहू मौजूद थे। अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल पर अभियान के तहत सिंदूर के पौधे लगाए।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

