सोमवार, 30 मार्च 2026
Logo
Chhattisgarh

साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता कवर्धा की बेटी रिया तिवारी का उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया सम्मान

06 जन, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
Deputy CM Vijay Sharma and Riya Tiwari

Deputy CM Vijay Sharma and Riya Tiwari

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। पटना में 25 से 29 दिसंबर तक आयोजित साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल किया। टीम का हिस्सा रही कवर्धा की बेटी रिया तिवारी को मंगलवार को उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सम्मानित किया। 

प्रतियोगिता में भारत के अलावा नेपाल, भूटान और श्रीलंका की टीमों ने भाग लिया था। इस चैंपियनशिप में भारत की विजेता टीम का हिस्सा बनकर रिया ने देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रिया को स्मृति चिन्ह  और प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनकी उपलब्धि की सराहना की। उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रिया तिवारी की यह उपलब्धि न केवल कवर्धा जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रिया ने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। 

 

सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि रिया भविष्य में भी देश के लिए अनेक पदक जीतेंगी और प्रदेश की नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगी। यह भी कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और प्रोत्साहन देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकें। 

 

यह मेरे खेल जीवन की एक नई शुरुआत है: रिया

रिया ने कहा कि इस सफलता का पूरा श्रेय उनके माता-पिता और कोच अविनाश चौहान व जय किशन को जाता है। उनके निरंतर मार्गदर्शन, अनुशासन और प्रेरणा के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं हो पाती। हर कठिन समय में उन्होंने रिया का आत्मविश्वास बनाए रखा और आगे बढ़ने की शक्ति दी। रिया ने कहा कि यह जीत उनके लिए केवल एक पदक नहीं, बल्कि खेल जीवन की एक नई शुरुआत है। वह आगे भी पूरे समर्पण और मेहनत के साथ देश और प्रदेश के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगी। 

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें