
एमसीबी। मनेंद्रगढ़ स्थित चित्रा टॉकीज में छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से एक महत्वपूर्ण चर्चा कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस बैठक में प्रदेश के उद्योग एवं आबकारी मंत्री राम लखन देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री व स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल, चेंबर के प्रदेश अध्यक्ष, उद्योगपतियों और बड़ी संख्या में आमजन ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य कोरिया जिले में रोजगार के अवसर बढ़ाने और उद्योगों को प्रोत्साहित करने के उपायों पर चर्चा करना था। स्थानीय नागरिकों ने भी मंच पर आकर अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि उद्योग मंत्री ने हमारी प्रमुख मांगों को गंभीरता से सुना।
मंत्री राम लखन देवांगन ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार के संयुक्त प्रयास से नई रणनीति तैयार की गई है, जिसके तहत MSME, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिनेप्लेक्स, बड़े मॉल समेत कई सेक्टर को उद्योग का दर्जा देकर प्रोत्साहन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जनजाति सहित सभी वर्गों को सशक्त बनाने के लिए ‘एक रुपये में जमीन देने’ की योजना भी लागू की गई है। साथ ही सोलर एनर्जी, हॉस्पिटल, टूरिज्म समेत अन्य क्षेत्रों में अनुदान और सब्सिडी का प्रावधान किया गया है, जिससे प्रदेश में अधिक से अधिक उद्योग स्थापित हों और स्थानीय लोगों के लिए नए रोजगार के अवसर बनें। स्वास्थ्य मंत्री व स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा, “उद्योग को लेकर सरकार की गंभीरता स्पष्ट है। MSME समिट में खुद उद्योग मंत्री हमारे जिले में आकर ठोस कदम उठाने की बात कह चुके हैं। यह बैठक उसी दिशा में एक और अहम कदम है।” यह कार्यक्रम कोरिया जिले में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को गति देने की दिशा में ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

