सोमवार, 30 मार्च 2026
Logo
Chhattisgarh

दिल्ली में यूपीएससी की निशुल्क कोचिंग के लिए चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 27- 28 जनवरी को

19 जन, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
Students, file photo

Students, file photo

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी युवा उत्थान योजना (वर्ष 2025-26) के अंतर्गत संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा की तैयारी के लिए नई दिल्ली भेजे जाने वाले अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया अब अगले चरण में पहुंच गई है। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग ने 28 दिसंबर 2025 को आयोजित प्राक्चयन परीक्षा के परिणामों के आधार पर मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए नवा रायपुर बुलाया है।  

विभागीय सूचना के अनुसार सत्यापन की प्रक्रिया नवा रायपुर, अटल नगर स्थित इन्द्रावती भवन के तृतीय तल पर मीटिंग हॉल क्रमांक-04 में पूरी होगी। विभाग ने वर्गवार तिथियां निर्धारित की हैं। अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच 27 जनवरी को सुबह 11 बजे से शाम 04 बजे तक की जाएगी। अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए यह प्रक्रिया 28 जनवरी को सुबह 11 बजे से शाम 04 बजे तक निर्धारित की गई है।

अभ्यर्थियों को निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा

सत्यापन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। उन्हें अपने साथ प्राक्चयन परीक्षा का प्रवेश पत्र, कक्षा 10वीं और स्नातक की अंकसूची, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी मूल निवास प्रमाण-पत्र एवं जाति प्रमाण-पत्र की मूल प्रतियां अनिवार्य रूप से लानी होंगी। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को नोटरी द्वारा अभिप्रमाणित स्वघोषणा पत्र भी प्रस्तुत करना होगा, तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आय प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना आवश्यक है। 

निर्धारित तिथि के बाद में किसी भी प्रकार का अभ्यावेदन मान्य नहीं होगा

यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित नहीं होता है या अपूर्ण दस्तावेज प्रस्तुत करता है, तो उनकी दावेदारी पर विचार नहीं किया जाएगा। बाद में किसी भी प्रकार का अभ्यावेदन मान्य नहीं होगा। अभ्यर्थी मेरिट सूची और कार्यक्रम का विस्तृत विवरण विभागीय वेबसाइट https://tribal.cg.gov.in/  पर देख सकते हैं।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें