
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinhaरिपोर्ट - सुनील चौहान
दुर्ग । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक नाबालिग को जबरदस्ती देह व्यापार में धकेलने के मामले का खुलासा करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पीड़िता, जो मूल रूप से मध्यप्रदेश की रहने वाली है, ने खुद थाना पहुंचकर मदद की गुहार लगाई। एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि नाबालिग नवरात्रि के दौरान मैहर दर्शन के लिए घर से निकली थी। मेला समाप्त होने के बाद कटनी स्टेशन पर उसकी मुलाकात एक महिला से हुई, जिसने काम दिलाने का झांसा देकर उसे दुर्ग बुलाया। दुर्ग पहुंचने के बाद आरोपी महिला ने पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें खींचीं और उसे घर में बंधक बनाकर अवैध संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। मना करने पर पीड़िता पर दबाव और धमकी दी गई।
पीड़िता ने किसी तरह अपनी सुरक्षा सुनिश्चित की और थाना मोहन नगर पहुँचकर पूरी घटना बताई। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है और आगे की जांच जारी है। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और सभी पक्षों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

