
रायपुर। प्रदेश सरकार की ओर से मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराए जाने के प्रयास किया जा रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देश पर रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में बुधवार को प्रत्येक तल पर आयुष्मान योजना के तहत मरीजों के लिए कक्ष की शुरुआत की गई है।
वित्त मंत्री और रायगढ़ के स्थानीय विधायक ओपी चौधरी ने स्वास्थ्य सेवाओं की सुगम उपलब्धता के लिए किए जा रहे इस पहल का स्वागत किया है। मेडिकल कालेज रायगढ़ के अधिष्ठाता डॉ. विनित कुमार जैन और अस्पताल अधीक्षक डॉ. एमके मिंज के अनुसार इस सुविधा विस्तार से भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों को काफी सुविधा होगी।
लंबी लाइनों से बचेंगे मरीज
मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई नई सुविधा से मरीजों को अनावश्यक भीड़ और कतार का सामना नहीं करना पड़ेगा। समय की बचत होगी। पहले यह सुविधा एमआरडी के रजिस्ट्रेशन ओपीडी काउंटर के पास ही उपलब्ध थी।अस्पताल अधीक्षक डॉ. एमके मिंज के अनुसार आयुष्मान योजना कक्ष के विस्तार के साथ ही चिकित्सालय में अब ओपीडी, आईपीडी मरीज के जांच के लिए अलग से पर्ची कटवाने की जरूरत नहीं है। सभी जांचें पूरी तरह से निशुल्क हैं। ओपीडी की 10 रुपये की पंजीयन पर्ची और आईपीडी मरीज के लिए 85 रुपये की पर्ची के अलावा अलग से पर्ची कटवाने की जरूरत नहीं है। इसके संबंध में आदेश भी जारी कर दिया गया है।
सुझाव और शिकायत पेटी की व्यवस्था की गई
मेडिकल कॉलेज के चिकित्सालय में अब सुझाव और शिकायत पेटी की व्यवस्था की गई है। वार्ड में भर्ती मरीज के इलाज के लिए प्रतिदिन चिकित्सा सामाजिक कार्यकर्ता और व्यावसायिक सलाहकार की ओर से फीडबैक लिया जा रहा है। सुझाव और शिकायत पेटी में प्राप्त पत्र और फीडबैक को अस्पताल प्रबंधन की ओर समिति में रखकर उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

