
दुर्ग।छत्तीसगढ़ सरकार में हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद राज्य के नए शिक्षा मंत्री और दुर्ग शहर के विधायक गजेंद्र यादवआज पहली बार अपने निर्वाचन क्षेत्र दुर्ग पहुंचे। उनके आगमन पर शहरवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार और भव्य स्वागत किया। पूरे दिन दुर्ग शहर जश्न के रंग में रंगा रहा। गजेंद्र यादव का स्वागत कुम्हारी टोल प्लाजा से शुरू हुआ, जहां से उनका काफिला भिलाई 3, खुर्सीपार, छावनी चौक, सुपेला सहित कई प्रमुख इलाकों से होता हुआ दुर्ग शहर की ओर बढ़ा। स्वागत स्थलों पर ढोल-नगाड़ों की गूंज, फूलों की वर्षा, पारंपरिक नृत्य और आतिश बाज़ी के साथ जगह-जगह कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका भव्य अभिनंदन किया। रास्ते भर बड़ी संख्या में आम लोग भी अपने प्रिय नेता को देखने और बधाई देने उमड़े। यात्रा के दौरान गजेंद्र यादव ने भिलाई पावर हाउस चौक स्थित मंदिर में रुककर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की उन्नति एवं शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।
दोपहर बाद मंत्री यादव का काफिला दुर्ग शहर में प्रवेश कर गया, जहां जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरा शहर एक उत्सव स्थल में तब्दील हो गया था। देर शाम यह स्वागत यात्रा उनके निज निवास पहुंचकर संपन्न हुई, जहां सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। गौरतलब है गजेंद्र यादव ने 2023 के विधानसभा चुनाव में पहली बार चुनाव लड़ते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण वोरा को करीब 50,000 वोटों से पराजित किया था।उनकी यह ऐतिहासिक जीत भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी गई। यादव समाज से आने वाले गजेंद्र यादव को लेकर पहले से ही कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें मंत्री पद मिल सकता है, और आखिरकार 20 अगस्त को उन्हें राज्य का शिक्षा मंत्री नियुक्त किया गया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

