
रायपुर। उपमुख्यमंत्री व लोकनिर्माण मंत्री अरुण साव ने सोमवार को राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित दानवीर भामाशाह वार्ड में 337.01 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित शासकीय शशिबाला अंग्रेजी-हिंदी माध्यम उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव सरकार अब सरकारी स्कूलों से 10वीं-12वीं पास करने वाली छात्राओं को आगे कॉलेजों में पढ़ने के लिए 30 हजार रुपए की सहायता देगी। छात्राओं को अब आर्थिक तंगी के कारण अपनी पढ़ाई बीच में नही छोड़नी पड़ेगी।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने छात्र-छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। नवीन विद्यालय के लिए छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी। छात्रा अनुष्का शर्मा ने उपमुख्यमंत्री से पूछा आप बचपन में कैसे स्कूल में पढ़े ? जिस पर उपमुख्यमंत्री साव ने बताया कि कक्षा तीसरी तक उन्होंने अपने गांव में पढ़ाई की। वह शासकीय भवन नहीं था, उनके ही परिवार का एक कच्चा मकान था। वह अपने घर से चटाई ले जाते और बैठा करते। हर शनिवार को गोबर की पोताई भी विद्यार्थी करते थे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आपको आधुनिक सुविधायुक्त विद्यालय बनाकर दे रही है, जिससे विद्यार्थी अपना पूरा ध्यान लगाकर खूब पढ़ें और आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा के बेहतरी के लिए लगातार कार्य कर रही है। अच्छे स्कूल बन रहे हैं, पढ़ाई के लिए अच्छा माहौल मिल रहा है, छात्र-छात्राओं की जरूरतों का ध्यान रखकर विद्यालय का विकास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में इनकी उपस्थिति रही
सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, महापौर मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर वार्ड पार्षद रामहिन कुर्रे व रमेश सिंह ठाकुर की उपस्थिति रही।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

