
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दो दिवसीय प्रवास पर शुक्रवार को प्रदेश की राजधानी पहुंची। एयरपोर्ट पहुंचने पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनका स्वागत किया। उपमुख्यमंत्री अरूण साव, सांसद रायपुर बृजमोहन अग्रवाल, विधायक खुशवंत सिंह ने राष्ट्रपति का स्वागत पुष्प गुच्छ भेंटकर किया। इसके बाद राष्ट्रपति ने एम्स के दीक्षांत समारोह में पहुंचकर मेधावी विद्यार्थियों को पदक प्रदान किया।
अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान राष्ट्रपति रायपुर एवं दुर्ग जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगी। रायपुर स्थित एम्स का द्वितीय दीक्षांत समारोह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भतार मुख्य अतिथि शामिल हुईं। इसके बाद वह एनआईटी के 14 वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी । राष्ट्रपति शाम को पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। वह पुरखौती मुक्तांगन में छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना के अंतर्गत दीवाली से पहले 70 लाख हितग्राही महिलाओं को 9वीं किस्त की एक-एक हजार रुपए की राशि रिमोट का बटन दबाकर उनके बैंक खाते में अंतरण करेंगी।
इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ राज्य की हितग्राही महिलाओं को प्रति माह एक-एक हजार रूपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। राज्य में इस योजना के तहत अब तक 8 किस्तों में हितग्राही महिलाओं को 5227 करोड़ रूपए का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जा चुका है। कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाएं राष्ट्रपति के समक्ष अपने अनुभव भी साझा करेंगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पुरखौती मुक्तांगन में निर्मित सरगुजा प्रखंड का लोकार्पण करेंगी। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका आदिम जाति कल्याण विभाग की ओर से प्रकाशित पुस्तकों की प्रथम प्रतियां राष्ट्रपति को भेंट करेंगे। इस मौके पर राष्ट्रपति स्थानीय जनजातीय समुदाय की लोगों से मुलाकात एवं चर्चा करेंगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

