
रायपुर। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को प्रदेश के राज्यपाल रामेन डेका ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राज्यपाल ने कहा कि श्री वाजपेयी विराट व्यक्तित्व, महान वक्ता, जननायक होने के साथ अजातशत्रु थे, जिनका सभी दलों के लोग बराबर सम्मान करते थे।
राज्यपाल डेका ने अटल बिहारी वाजपेयी से जुड़ी स्मृतियों को साझा किया। उन्होंने कहा कि वे छोटे-बड़े सभी कार्यकर्ताओं का ध्यान रखते थे और सम्मान करते थे। भारत को विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए श्री वाजपेयी अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत का मजबूती से पक्ष रखकर उन्होंने देश का मान बढ़ाया।
भारत को जब कमजोर देश समझा जाता था, तब पोखरण में परमाणु परीक्षण कर उन्होंने भारत को परमाणु शक्ति सम्पन्न देश घोषित किया। इस कदम से उन्होंने भारत को विश्व में एक सुदृढ़ वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित कर दिया। राज्यपाल ने श्री वाजपेयी के प्रधानमंत्री के कार्यकाल को अभूतपूर्व बताया।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव यशवंत कुमार, विधिक सलाहकार भीष्म प्रसाद पांडेय, एवं राजभवन के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पुष्पाजंलि अर्पित की।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

