
रायपुर। चालू खरीफ सीजन में अब तक लक्ष्य के सापेक्ष 95 फीसदी फसलों बोनी (बुआई) पूरी हो चुकी है। इस सीजन में राज्य सरकार की ओर से 48.63 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न फसलों के बोनी का लक्ष्य रखा गया है।
अब तक 46.35 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न फसलों की बोनी हो चुकी है। वहीं, किसानों को चालू खरीफ सीजन में विभिन्न फसलों की बोनी के लिए सरकारी समितियों एवं निजी क्षेत्र के माध्यम से प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अब तक किसानों को विभिन्न खरीफ फसलों के 8.83 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण किए गए हैं, जो कि राज्य में बीज की मांग का 90 प्रतिशत है।
राज्य में खरीफ की विभिन्न फसलों के प्रमाणित बीज की कुल मांग 9.78 लाख क्विंटल है, इसके विरुद्ध 9.31 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज भंडारण किया जा चुका है।
लक्ष्य का 88 फीसदी रासायनिक खाद वितरित
प्रदेश में चालू खरीफ सीजन के लिए किसानों को विभिन्न प्रकार के रासायनिक उर्वरकों का वितरण जारी है। 21 अगस्त 2024 तक किसानों को करीब 12 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण किया जा चुका है, जो लक्ष्य का 88 प्रतिशत है। वितरित किए गए उर्वरकों में 5,81,342 मीट्रिक टन यूरिया, 2,62,207 मीट्रिक टन डीएपी, 1,51,259 मीट्रिक टन एनपीके, 50,431 मीट्रिक टन पोटाश तथा 1,52,664 मीट्रिक टन सुपर फास्फेट का वितरण शामिल है।
चालू खरीफ सीजन के लिए राज्य में सहकारिता एवं निजी क्षेत्र के माध्यमों से किसानों को 13,68 लाख मीट्रिक टन खाद वितरण का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके सापेक्ष अब तक 15.24 लाख मीट्रिक टन का भंडारण करा लिया गया है। भंडारण के सापेक्ष करीब 12 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण किसानों को किया जा चुका है। किसानों को सुगमतापूर्वक खाद का वितरण सोसायटी और निजी विक्रेताओं की ओर से किया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से खाद-बीज वितरण की निगरानी की जा रही है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

