
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinhaरिपोर्ट - मनोज श्रीवास्तव
एमसीबी । जिले के पोड़ी में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत विधानसभा स्तरीय सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक और छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता नगर पालिक निगम चिरमिरी के महापौर रामनरेश राय ने की। अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने आत्मनिर्भरता को देश की प्राचीन पहचान बताते हुए कहा, भारत पहले से ही आत्मनिर्भर था, और दुनिया भारत पर निर्भर थी। आज समय है उस खोई हुई शक्ति को दोबारा पाने का। उन्होंने पुष्पक विमान और महाभारत काल का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत ने सदियों पहले ही विज्ञान, तकनीक और दूरसंवाद जैसे क्षेत्रों में अद्भुत उपलब्धियाँ हासिल कर ली थीं। उन्होंने अमेरिका के म्यूजियमों में रखी भारत की प्राचीन कलाकृतियों का हवाला देते हुए कहा कि,आज भी दुनिया भारत की कला और ज्ञान की कायल है।
लोकल को वोकल बनाना आत्मनिर्भर भारत की रीढ़ – संयोजक आशीष सिंह
इस अवसर पर आत्मनिर्भर भारत अभियान के जिला संयोजक आशीष सिंह ने कहा कि, यह अभियान केवल नारा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का संकल्प है। प्रधानमंत्री मोदी चाहते हैं कि हर नागरिक, हर गांव, हर कारीगर आत्मनिर्भर बने।उन्होंने ‘लोकल को वोकल’ की अपील को आत्मनिर्भरता का मूल मंत्र बताया और कहा कि अभियान का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देकर आर्थिक मजबूती लाना है।
आत्मनिर्भरता के संकल्प के साथ संपन्न हुआ सम्मेलन
कार्यक्रम में वक्ताओं ने आत्मनिर्भर भारत को आर्थिक, सांस्कृतिक और वैचारिक आज़ादी का प्रतीक बताया। स्थानीय कला, शिल्प, किसान, महिला और युवा सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर जोर देते हुए, सभी ने इस अभियान को जनांदोलन का रूप देने का आह्वान किया। सम्मेलन के अंत में सभी उपस्थित जनों ने भारत को दुनिया की अगली आर्थिक महाशक्ति बनाने और स्वदेशी सोच को अपनाने का संकल्प लिया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

