मंगलवार, 31 मार्च 2026
Logo
Chhattisgarh

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिले इसरो के वैज्ञानिक, छत्तीसगढ़ में अंतरिक्ष विज्ञान के नए युग की शुरुआत

08 अक्टू, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
newsworld web

newsworld web

Sandeep Sinha
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinha

रिपोर्ट - प्रशांत द्विवेदी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज इसरो अहमदाबाद केंद्र के निदेशक डॉ. एन. एम. देसाई के नेतृत्व में अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। यह मुलाकात न केवल इसरो की ऐतिहासिक उपलब्धियों पर चर्चा का अवसर बनी, बल्कि छत्तीसगढ़ में अंतरिक्ष विज्ञान के नए अवसरों की संभावनाओं को भी उजागर करने वाली रही।
बैठक में मुख्यमंत्री साय ने इसरो की उपलब्धियों को भारत के लिए गौरव का प्रतीक बताया और कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार तकनीकी शिक्षा और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इसरो से आग्रह किया कि प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप और प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएं ताकि युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान की व्यवहारिक जानकारी मिल सके और वे देश के अंतरिक्ष अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभा सकें। 

मुख्यमंत्री और इसरो वैज्ञानिकों के बीच राज्य की शासन-व्यवस्था में इसरो की तकनीकों के उपयोग पर भी विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कृषि, खनन नियंत्रण, भू-अतिक्रमण की निगरानी और धान खरीदी में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सैटेलाइट तकनीक को अत्यंत उपयोगी बताया।इस अवसर पर इसरो के निदेशक डॉ. देसाई ने मुख्यमंत्री को इसरो की वर्तमान परियोजनाओं से अवगत कराया और प्रदेश में एक ‘स्पेस गैलरी’ की स्थापना को लेकर सकारात्मक बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि इसरो युवाओं के लिए अनेक नवाचारपूर्ण शैक्षणिक कार्यक्रम चला रहा है, जिन्हें छत्तीसगढ़ में भी लागू किया जाएगा। डॉ. देसाई ने मुख्यमंत्री साय को इसरो के अहमदाबाद केंद्र के भ्रमण का आमंत्रण भी दिया और मिशन चंद्रयान व हाल ही में लॉन्च किए गए उपग्रहों की प्रतिकृतियाँ भेंट कीं।

वैज्ञानिकों को मंत्रमुग्ध कर गई भगवान मधेश्वर की तस्वीर

बैठक के दौरान इसरो वैज्ञानिकों की नजर जब मुख्यमंत्री निवास में लगी भगवान मधेश्वर की तस्वीर पर पड़ी, तो वे अभिभूत हो उठे। मुख्यमंत्री साय ने उन्हें बताया कि यह स्थान जशपुर जिले में स्थित है और यहां भगवान शिव विशाल प्राकृतिक शिवलिंग रूप में पूजे जाते हैं। वैज्ञानिकों को भगवान मधेश्वर की छायाचित्र भेंट में दिए गए, जिससे वे अत्यंत भावुक और प्रभावित नजर आए।

ये लोग रहे मौजूद 

इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव  राहुल भगत, श्रीमती रीना बाबा साहब कंगाले, डॉ. एस. भारतीदासन, विजय दयाराम के., विनीत नंदनवार, कलेक्टर गौरव कुमार सिंह सहित इसरो के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. डी. के. पटेल और डॉ. दीपक कुमार सिंह उपस्थित थे

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें