
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को राजधानी स्थित बीएसएस प्रणवानंद स्कूल परिसर में भारत माता की मूर्ति और भारत सेवाश्रम संघ के संस्थापक स्वामी प्रणवानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ना जरूरी है। इससे बच्चों में अपने राष्ट्र, संस्कृति और मूल्यों के प्रति गर्व की भावना विकसित होती है।
मुख्यमंत्री ने स्कूल परिसर में स्थापित कल्चरल एंड हेरिटेज म्यूजियम का अवलोकन किया। स्कूल के सचिव स्वामी शिवरूपानंद जी महाराज ने उन्हें संग्रहालय का भ्रमण कराया। मुख्यमंत्री ने संग्रहालय में प्रदर्शित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, ऋषि-मुनियों और भारत सेवाश्रम संघ की ओर से संचालित मानव कल्याण से जुड़े कार्यों और गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों को भारत के समृद्ध इतिहास, ऋषि-मुनियों, महान चिंतकों, धर्म प्रवर्तकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान से परिचित कराने की यह पहल अत्यंत सराहनीय है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारत की सभ्यता और संस्कृति अत्यंत प्राचीन, समृद्ध और गौरवशाली रही है। जिसे हमारे ऋषि-मुनियों, विद्वानों और महापुरुषों ने अपने ज्ञान, तप और त्याग से और अधिक समृद्ध बनाया है। उन्होंने कहा कि बीएसएस प्रणवानंद स्कूल की ओर से स्थापित यह संग्रहालय भावी पीढ़ी को हमारे धर्म, ग्रंथों, संस्कृति, परंपराओं से जोड़ने का प्रेरणादायक माध्यम बनेगा। इस अवसर पर प्राचार्य आनन्दिता घोष, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

