गुरुवार, 02 अप्रैल 2026
Logo
Chhattisgarh

विधानसभा की गतिविधियों को जनता तक पहुंचाने वाले पत्रकारों की अहम भूमिका: विष्णु देव साय

05 जुल, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
Cm vishnu dev saay

Cm vishnu dev saay

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। विधानसभा परिसर के प्रेक्षागृह में शनिवार को ‘संसदीय रिपोर्टिंग’ विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश विधानसभा ने भी 25 वर्षों की गौरवमयी यात्रा पूरी की है और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ किया है। उन्होंने विधानसभा की गतिविधियों को जनता तक पहुंचाने वाले पत्रकारों की भूमिका अहम बताई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हाल ही में विधायकों के लिए भी कार्यशालाओं का आयोजन किया गया था, जिसका लाभ हमारे सदस्यों को मिला है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में अनेक नवनिर्वाचित विधायक हैं, जिनकी यह जिम्मेदारी है कि वे अपने क्षेत्र की समस्याओं को सदन में उठाएं। इसी तरह पत्रकारों की भी अहम भूमिका है, जो विधानसभा की गतिविधियों को जनता तक पहुंचाते हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकार बड़ी मेहनत से विधानसभा की कार्यवाही को कवर करते हैं, जिससे आमजन यह जान पाते हैं कि विधायकों की ओर से उनके मुद्दों को गंभीरता से उठाया जा रहा है। इस अवसर पर संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, विधानसभा के सचिव दिनेश शर्मा, आईआईएमसी के पूर्व महानिदेशक संजय द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित थे।

कार्यशाला पत्रकारों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ विधानसभा की ओर से उत्कृष्ट पत्रकारों को सम्मानित करने की परंपरा को सराहा। उन्होंने कहा कि इससे पत्रकारों का मनोबल बढ़ता है और संसदीय रिपोर्टिंग को प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कार्यशाला पत्रकारों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी और इसके माध्यम से विधानसभा की गतिविधियां और अधिक प्रभावी रूप से जनता तक पहुंचेंगी।

 

छत्तीसगढ़ की स्वर्णिम यात्रा में पत्रकारों का योगदान अतुलनीय:  डॉ. रमन सिंह

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की 25 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा में पत्रकारों का योगदान अतुलनीय रहा है। उन्होंने कहा कि संसदीय पत्रकारिता अत्यंत संवेदनशील दायित्व है, जो सदन की गोपनीयता, अनुशासन और गरिमा को बनाए रखते हुए जनता तक सटीक एवं निष्पक्ष जानकारी पहुंचाने का कार्य करती है। पत्रकार जब पक्ष–विपक्ष से परे रहकर निष्पक्ष रूप से विधानसभा की कार्यवाही का अवलोकन करते हैं और उसे प्रस्तुत करते हैं, तब लोकतंत्र मजबूत होता है। 

 

पत्रकार समयबद्धता और सजगता के साथ लोकतंत्र के संवाहक होते हैं: डॉ. चरणदास महंत


कार्यशाला में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने पत्रकारों की भूमिका को नारद मुनि की परंपरा से जोड़ते हुए कहा कि पत्रकार समयबद्धता और सजगता के साथ लोकतंत्र के संवाहक होते हैं। इस कार्यशाला के माध्यम से सभी को कुछ नया सीखने का अवसर मिलेगा और संसदीय पत्रकारिता को समझने का दायरा और व्यापक होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह आयोजन उपयोगी सिद्ध होगा और पत्रकारों के कार्य को नई दिशा देगा। 

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें