
रायपुर। रायगढ़ में आत्मनिर्भर भारत, फिट इंडिया और नशा मुक्त भारत का संदेश जन- जन तक पहुंचाने के लिए मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने ' बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' चौक से मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने प्रतिभागियों से कहा कि जीत-हार से ज्यादा महत्वपूर्ण अपनी पूरी क्षमता और खेल भावना से प्रतियोगिता में हिस्सा लेना है। लगन और समर्पण के साथ किया गया प्रयास ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है।
सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित मैराथन- बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ चौक से शुरू होकर गांधी चौक, सुभाष चौक, रामनिवास टॉकीज चौक, शहीद चौक से हेमू कालानी चौक होते हुए कमला नेहरू उद्यान में समाप्त हुई। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने मैराथन दौड़ के विजेताओं को बधाई दी और प्रतियोगिता में प्रथम दस स्थान पर आने वाले बालक और बालिकाओं को स्वेच्छानुदान मद से 5-5 हजार रुपए देने की घोषणा की।

वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कुशल नेतृत्व से आज भारत को वैश्विक मानचित्र में स्थापित करने का काम किया है। उनके मार्गदर्शन में किए जा रहे कार्यों से देश ने प्रगति के कई सोपान तय किए हैं। 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक यह सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। जिसमें विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वित्तमंती ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई। सांसद राधेश्याम राठिया ने भी विचार व्यक्त किए।
इन विजेताओं को दिए गए पुरस्कार
वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने नमो मैराथन दौड़ के समापन में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इनमें पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान पर मनोज कुमार यादव, द्वितीय-भोजराम साहू और तृतीय स्थान पर सुनील कुमार साहू रहे। इसी तरह महिला वर्ग में प्रथम स्थान पर सोना चौहान, द्वितीय-संगीता यादव और तृतीय स्थान पर धनकुवर सिदार रही। प्रथम आने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को 5100 रुपए, द्वितीय को 3100 रुपए व तृतीय स्थान पर रहे प्रतिभागियों को 2100 रुपए दिए गए। बालक और बालिका वर्ग से प्रथम दस स्थानों पर आने वाले प्रतिभागियों को वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने 5-5 हजार रुपए देने की घोषणा भी की।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

