बुधवार, 01 अप्रैल 2026
Logo
Chhattisgarh

देवभोग में मेगा हेल्थ शिविर का आयोजन, 250 से अधिक मरीजों का किया इलाज, निशुल्क दवाएं की वितरित

30 सित, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
newsworld web

newsworld web

Sandeep Sinha
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinha

गरियाबंद। स्वास्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत देवभोग अस्पताल परिसर में एक दिवसीय मेगा हेल्थ शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें जिले से पहुंचे 7 विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 250 से अधिक मरीजों की जांच कर उचित उपचार प्रदान किया। इस शिविर में नेत्र रोग, सर्जरी, अस्थि रोग, ईएनटी, पैथोलॉजी और शिशु रोग के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने भाग लिया। मरीजों को जांच के बाद निःशुल्क दवाइयां और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।

सुबह से लगी मरीजों की भीड़, शाम तक चला इलाज

अभियान की व्यापक प्रचार-प्रसार की वजह से शिविर में सुबह से ही बड़ी संख्या में जरूरतमंद मरीज पहुँचे। शाम 5 बजे तक भी डॉक्टरों की टीम ने मरीजों का गहन परीक्षण जारी रखा। बीएमओ डॉ. प्रकाश साहू ने बताया कि पूर्व तैयारियों के तहत ब्लॉक के 22 उप-स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की टीम ने भ्रमण कर मरीजों की पहचान और प्राथमिक जांच की थी। चिन्हित मरीजों को इस शिविर में विशेषज्ञों द्वारा इलाज मुहैया कराया गया। आगे भी स्थानीय चिकित्सा टीम फॉलोअप करती रहेगी, और आवश्यकता अनुसार मरीजों को जिला अस्पताल या विशेषज्ञ केंद्रों तक भेजा जाएगा।

टीबी मरीजों के लिए मानवता की मिसाल
 
निजी खर्च से 6 माह तक देंगे पोषण आहार, बने 'निक्षय मित्र', इस शिविर में एक मानवीय पहल के तहत देवभोग बीएमओ डॉ. साहू सहित 8 डॉक्टरों ने ब्लॉक के एक्टिव टीबी मरीजों के लिए ‘निक्षय मित्र’ बनने का संकल्प लिया। इन डॉक्टरों ने घोषणा की कि वे 8 टीबी मरीजों को अपने निजी व्यय से 6 महीने तक अतिरिक्त पोषण आहार उपलब्ध कराएंगे। ब्लॉक में फिलहाल कुल 60 एक्टिव टीबी मरीज हैं, जिनमें से 40 मरीजों को पहले से ही समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा पोषण आहार दिया जा रहा है। बीएमओ डॉ. साहू ने इस अवसर पर समाज के अन्य जागरूक लोगों से भी ‘निक्षय मित्र’ बनकर आगे आने की अपील की है, जिससे टीबी मरीजों को बेहतर पोषण और सहयोग मिल सके।

जन सहभागिता से स्वास्थ्य अभियान को मिली गति
 
इस शिविर ने न सिर्फ मरीजों को राहत दी, बल्कि क्षेत्र में जनजागरूकता, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और सामुदायिक भागीदारी का एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया।
 
रिपोर्ट  मनमोहन नेताम

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें