
रायपुर। कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने सोमवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके पास स्कूल शिक्षा ग्रामोद्योग विधि और विधायक कार्य विभाग की जिम्मेदारी है। पहले दिन उन्होंने मंत्रालय में स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह शिक्षण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। शिक्षण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिए जाने के लिए कहा।
मंत्री गजेंद्र यादव ने समीक्षा बैठक में कहा कि शिक्षा से ही समाज और प्रदेश का भविष्य सुरक्षित होता है, इसलिए विद्यालयों में पढ़ाई की नियमित निगरानी करना शिक्षा विभाग के प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि उन्हें अपने क्षेत्र की प्रत्येक शाला की स्थिति की सम्पूर्ण और अद्यतन जानकारी रखना सुनिश्चित करें। इसके लिए उन्हें स्कूलों का नियमित निरीक्षण कर प्राचार्यों, प्रधान पाठकों और शिक्षकों से संवाद करते रहें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की सक्रियता और जिम्मेदारी से ही विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सकती है।

शिक्षकीय प्रशिक्षण का बनेगा वार्षिक कैलेंडर
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिक्षकीय प्रशिक्षण के लिए वार्षिक कैलेंडर तैयार करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रीष्मकालीन अवकाश अवधि में ही आयोजित किए जाएं, जिससे विद्यालयीन शिक्षण कार्य प्रभावित न हो। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को नई तकनीकों, नवाचारों एवं आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से अवगत कराना आवश्यक है।
आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ करें कार्य
शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग से जुड़े सभी अधिकारी आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों को तभी प्रभावी बनाया जा सकता है, जब अधिकारी, शिक्षक और विद्यालय प्रबंधन मिलकर एक साझा दृष्टिकोण के साथ काम करें।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

