
रायपुर। समाज कल्याण विभाग की ओर से सेवा पखवाड़ा के तहत अम्बिकापुर के राजमोहिनी देवी भवन में जिला स्तरीय दिव्यांगजन शिविर का आयोजन किया गया। इसमें पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने दिव्यांगजनों से मुलाकात की और उन्हें ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र व सेंसर छड़ी वितरित की। मंत्री ने कहा कि दिव्यांगता लोगों के विकास में बाधा नहीं बनेगी। सरकार उनकी दिव्यांगता को गतिशील बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने दिव्यांगजनों से उनका कुशलक्षेम जाना।। साथ ही योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। दिव्यागजनों ने जो भी समस्याएं बताईं, उनके निराकरण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। शिविर के दौरान 13 ट्राइसाइकिल, 14 व्हीलचेयर, 06 श्रवण यंत्र तथा 03 सेंसर छड़ी वितरित की गई। शिविर में जिले के सभी विकासखंड, नगरीय निकाय से दिव्यांगजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।

मंत्री ने कहा कि सभी दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकतानुसार योजनाओं का लाभ मिले इसके लिए हम लगातार कार्य कर रहे हैं‘। उन्होंने दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण दिए जाने के लिए समाज कल्याण विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत पेंशन राशि नियमित प्राप्त हो, यह सुनिश्चित करें। शिविर में नगर पालिक निगम अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत, कलेक्टर विलास भोसकर की उपस्थिति रही।
विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल
शिविर में राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड बनाए जाने के लिए विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इस दौरान 12 दिव्यांगजनों का आधार कार्ड, 04 दिव्यांगजनों का राशन कार्ड, 06 दिव्यांगजनों का आयुष्मान कार्ड और 109 दिव्यांगजनों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र/यूडीआईडी कार्ड के लिए रजिस्ट्रेशन किया गया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

