रविवार, 29 मार्च 2026
Logo
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा ने ग्रहण किया पदभार, सीएम साय ने दीं शुभकामनाएं

05 मार्च, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
सीएम विष्णु देव साय व राज्य नीति आयोग के नव नियुक्त उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा।

सीएम विष्णु देव साय व राज्य नीति आयोग के नव नियुक्त उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा।

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। नीति भवन में छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा ने गुरुवार को पदभार ग्रहण किया। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए, उन्होंने महत्वपूर्ण दायित्व के लिए राज्य नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष को बधाई और शुभकामनाएं दीं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य नीति आयोग प्रदेश के दीर्घकालिक विकास विजन, साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण और विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय के माध्यम से छत्तीसगढ़ के विकास को नई दिशा और गति देने वाला एक महत्वपूर्ण संस्थान है। भविष्य की जरूरतों और चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए विकास की योजनाएं और रणनीतियां तैयार करने में आयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आज देश माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी दृष्टि को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ में भी छत्तीसगढ़ विजन डॉक्युमेंट 2047 तैयार किया गया है, जिससे प्रदेश के समग्र और दीर्घकालिक विकास की रूपरेखा तय की जा रही है।


मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि गणेश शंकर मिश्रा के प्रशासनिक अनुभव से राज्य नीति आयोग को नई दिशा और गति मिलेगी। आयोग की ओर से प्राप्त अच्छे सुझावों को राज्य सरकार गंभीरता से लेकर प्रभावी ढंग से लागू करने का प्रयास करेगी।


विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा आयोग 

मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग की विशेषता यह है कि यह क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नीति और योजना निर्माण को बढ़ावा देता है। इसी सोच के साथ राज्यों में भी राज्य नीति आयोग का गठन किया गया है, जो विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनभागीदारी के साथ प्रदेश में विकास को नई गति देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।


सभी के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा: गणेश शंकर

राज्य नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर और भविष्योन्मुखी नीतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ को अधिक समृद्ध और विकसित बनाने की दिशा में सभी के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।


शपथ ग्रहण समारोह में इनकी रही मौजूदगी 

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक लता उसेंडी, विधायक अमर अग्रवाल, महापौर धमतरी रामू रोहरा, राज्य नीति आयोग के सदस्य डॉ. के. सुब्रह्मण्यम, सदस्य सचिव आशीष भट्ट, सचिव भुवनेश यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें