
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ’नगरीय विकास के सोपान’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने स्वच्छता दीदियों का मानदेय 800 रुपए प्रतिमाह बढ़ाने की घोषणा की। इनको अब 8000 रुपए प्रतिमाह मानदेय मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारी सरकार को अभी 13 महीने ही हुए हैं, इस अवधि में सुशासन के लिए संवेदनशीलता के साथ जनसेवा के अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। सभी वर्गों के विकास के साथ ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किया है। अधोसंरचना का विकास, स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं में वृद्धि हुई है।
प्रधानमंत्री की अधिकांश गारंटियों को एक साल के अंदर पूरा कर दिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा पहला साल सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े हुए लोगों के विकास के लिए समर्पित रहा। प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए। सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। हमारी सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को एक साल के भीतर ही पूरा कर दिया है।
अनुकम्पा नियुक्ति के लिए 353 पदों की स्वीकृति
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरीय निकायों में अनुकम्पा नियुक्ति के संबंध में लम्बे समय से मांग की जा रही थी। नगरीय विकास के सोपान कार्यक्रम में 103 पदों पर अनुकंपा नियुक्ति के आदेश पत्र वितरण किए हैं। हमारा प्रयास है कि प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ें और ज्यादा से ज्यादा युवा आत्मनिर्भर हों। सरकार ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और विभिन्न नगरीय निकायों में अनुकम्पा नियुक्ति के लिए 353 पदों की स्वीकृति प्रदान की है।
विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया
मुख्यमंत्री ने विभिन्न नगरीय निकायों में 155.38 करोड़ रुपए के 813 कार्यों का शिलान्यास और 15.25 करोड़ रुपए के 70 कार्यों का लोकार्पण भी किया। 6 नगरीय निकायों तखतपुर, रतनपुर, भानुप्रतापुर, छुरिया, मल्हार ओर खोंगापानी में अमृत मिशन-2.0 के तहत 270 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले जल प्रदाय योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इन नगरीय निकायों में 20,511 निजी नल कनेक्शन दिए जाएंगे।
14 नगरीय निकायों को सम्मानित किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता को प्रोत्साहित करने के लिए हम लोग उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित कर रहे हैं। मिशन क्लीन सिटी के अंतर्गत क्लीन टायलेट कैम्पेन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेश के 14 नगरीय निकायों को सम्मानित कर रहे हैं। अंबिकापुर, छुरा, छुरिया, डोंगरगढ़, कोरबा, महासमुंद, रायपुर, राजनांदगांव, बिलासपुर, मंदिर हसौद और चंदखुरी आदि नगरीय निकायों को पुरस्कृत किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ के तीर्थयात्री महाकुंभ का लाभ उठाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय प्रयागराज में महाकुंभ का भव्य आयोजन चल रहा है। यह शुभ संयोग 144 साल बाद बना है। छत्तीसगढ़ के तीर्थयात्री भी इसका लाभ उठाएं, इसके लिए हमारी सरकार ने मेला स्थल में विशेष व्यवस्था की है। प्रदेश से जो भी श्रद्धालु महाकुंभ में जा रहे हैं, वहां उनके लिए ठहरने की अच्छी व्यवस्था है।
विष्णु के सुशासन में किसी को निराश होने की जरूरत नहीं
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि विष्णु के सुशासन में किसी को निराश होने की जरूरत नहीं है। नगरीय प्रशासन विभाग की ओर से प्रदेश के 23 नगरीय निकायों में मिशन अमृत 2.0 के अंतर्गत लगभग चार लाख जनसंख्या को शुद्व पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके तहत माना कैम्प, कुम्हारी, मंदिर हसौद, सुकमा और कोंडागांव नगर पालिका तथा समोदा, चंदखुरी, कुंरा, नगरी, आमदी, फिंगेश्वर, गुण्डरदेही, अर्जुन्दा, बोदरी, राहोद, खरोद, शिवरीनारायण, सरिया, प्रेमनगर, भटगांव, झगराखंड, कुनकुरी और नरहरपुर नगर पंचायत में 1154 करोड़ रुपए की लागत की जलप्रदाय परियोजनाओं का योजनाबद्ध ढंग से क्रियान्वयन किया जा रहा है।
इनकी रही उपस्थिति
वन मंत्री व रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायकगण राजेश मूणत, धर्मजीत सिंह, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, गुरू खुशवंत साहेब, अनुज शर्मा और इन्द्रकुमार साहू, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस., संचालक आर. एक्का आदि की उपस्थिति रही।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

