मंगलवार, 31 मार्च 2026
Logo
Chhattisgarh

राष्ट्रीय एकता दिवस पर मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल को किया नमन,सीएम बोले विविधता में एकता ही भारत की असली ताकत

31 अक्टू, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
newsworld web

newsworld web

Sandeep Sinha
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinha

रिपोर्ट - प्रशांत द्विवेदी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल केवल स्वतंत्रता सेनानी नहीं, बल्कि वे ऐसे युगपुरुष थे जिन्होंने अपने साहस, दूरदृष्टि और दृढ़ निष्ठा से देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव रखी।
 
‘एकता दौड़’ में शामिल होकर दिया ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’का संदेश

मुख्यमंत्री साय ने स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों और आमजनों के साथ ‘एकता दौड़’ में हिस्सा लिया। यह दौड़ राजधानी रायपुर के शास्त्री चौक से शारदा चौक तक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक है, जो हमें सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देता है।

विविधता में एकता ही भारत की सबसे बड़ी शक्ति

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है, लेकिन हमारी यही विविधता हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा, “विविधता में एकता की भावना ही भारत की आत्मा है, जिसने हमें सदियों से एक सूत्र में बांधकर रखा है।” मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित युवा प्रतिभागियों के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह जोश राष्ट्र के प्रति समर्पण और सरदार पटेल के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है।

राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई, संकल्प लिया ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए कार्य करना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री और जनप्रतिनिधियों की रही विशेष उपस्थिति

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण देव, विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सरदार पटेल के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें