
रायपुर। सरगुजा जिले के एलुमिना प्लांट में हुए औद्योगिक हादसे में पीड़ित परिवारों को कंपनी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर 15-15 लाख रुपए मुआवजा देगी। घायलों को 3-3 लाख रुपए की राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने गत रविवार को एलुमिना प्लांट में हुए औद्योगिक हादसे में पीड़ित परिवारों के साथ गहरी संवेदना जताते हुए जिला प्रशासन को उचित कार्यवाही के निर्देश दिए थे। कलेक्टर सरगुजा की ओर से एलुमिना प्लांट हादसे की जांच के लिए जांच दल का गठन कर दिया गया है। कलेक्टर ने बुधवार को जांच दल के साथ एलुमिना प्लांट का निरीक्षण किया और कंपनी के अधिकारियों को हादसे में मृत और घायल परिवारों को जल्द से जल्द मुआवजा राशि सौंपने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बताया कि इस औद्योगिक हादसे में प्रत्येक मृतक परिवार को 15-15 लाख रुपए और घायलों को 3-3 लाख रुपए की मुआवजा राशि कंपनी की ओर से दी जाएगी। 12 सितंबर को प्रशासनिक टीम परिजनों को यह राशि सौंपेगी। उन्होंने बताया कि जांच दल की ओर से एलुमिना प्लांट में सुरक्षा मानकों के पालन के लिए कड़ाई से जांच की जा रही है। बिना प्रशासन की अनुमति के प्लांट का फिर से संचालन शुरू नहीं किया जाएगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

