बुधवार, 01 अप्रैल 2026
Logo
Chhattisgarh

शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन, मंत्री रामविचार नेताम ने किया निरीक्षण

03 अक्टू, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
Minister Ram vichar netam

Minister Ram vichar netam

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने शुक्रवार को नवा रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय-सह स्मारक के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। आगामी राज्योत्सव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संग्रहालय का उद्घाटन करना है। 

मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना का परिणाम है कि जल्द ही छत्तीसगढ़ में जनजातीय वर्गों के ऐतिहासिक गौरव गाथा, शौर्य और बलिदान का प्रतीक संग्रहालय-सह स्मारक धरातल पर दिखाई देगा। यह निर्माणाधीन संग्रहालय सदियों के लिए नई पीढ़ियों को पुरखों की याद दिलाता रहेगा। यह न सिर्फ आदिवासी वर्गों के लिए बल्कि देश-विदेश के लोगों के लिए भी प्रेरणास्पद होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश का यह पहला संग्रहालय है जो कि छत्तीसगढ़ के आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उच्च शौर्य एवं बलिदान को समर्पित है, इसके निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। 

 

मंत्री ने संग्रहालय में डिजीटलीकरण कार्य, दिव्यांगजनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था, सॉवेनियर शॉप, गार्डनिंग, वॉटर सप्लाई की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने पीएम से प्रस्तावित उद्घाटन के मद्देनजर सभी आवश्यक तैयारियां व निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

 

मूर्तियों की स्थापना, लाइट, बिजली के टेस्टिंग का कार्य जारी

प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कहा कि यह गर्व की बात है कि संग्रहालय का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों से राज्योत्सव के समय किया जाना है। संग्रहालय के निर्माण कार्यों में लगने वाली मूर्तियां, कैनवास वर्क, डिजिटल वर्क का बारीकी के साथ परीक्षण किया जा रहा है। संग्रहालय का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं। मूर्तियों की स्थापना, लाइट, बिजली आदि का टेस्टिंग कार्य जारी है। प्रमुख सचिव ने संग्रहालय में प्रवेश से पहले टिकट काउंटर पर लगे स्कैनिंग कार्य और प्रवेश द्वार में कुछ सुधार करने के संबंध में निर्देश दिए। 

 

संग्रहालय की गैलेरियों में यह आएगा नजर  

शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय में स्वतंत्रता आंदोलन के समय छत्तीसगढ़ में हुए विभिन्न आदिवासी विद्रोहों जैसे - हल्बा विद्रोह, सरगुजा विद्रोह, भोपालपट्टनम विद्रोह, परलकोट विद्रोह, तारापुर विद्रोह, लिंगागिरी विद्रोह, कोई विद्रोह, मेरिया विद्रोह, मुरिया विद्रोह, रानी चौरिस विद्रोह, भूमकाल विद्रोह, सोनाखान विद्रोह, झण्डा सत्याग्रह और जंगल सत्याग्रह के वीर आदिवासी नायकों के संघर्ष (1923, 1920) व शौर्य के दृश्य का जीवंत प्रदर्शन 14 गैलेरियों में किया जा रहा है। वहीं जंगल सत्याग्रह और झंडा सत्याग्रह पर एक-एक गैलेरियों का भी निर्माण किया जा रहा है। निश्चित ही यह संग्रहालय सभी वर्ग के लोगों के लिए एक आकर्षण का केन्द्र एवं प्रेरणास्रोत के रूप में बनकर उभरेगा। 

 

इनकी रही मौजूदगी 

निरीक्षण के दौरान मंत्री रामविचार नेताम के साथ छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी विकास निगम के संचालक डॉ. जगदीश सोनकर, आदिम जाति विकास विभाग संयुक्त सचिव बीएस राजपूत, टीआरटीआई संचालक हिना अनिमेष नेताम, उपायुक्त गायत्री नेताम, निर्माण एजेंसी के अधिकारी, ठेकेदार, क्यूरेटर, इंजीनियर्स, आर्ट कलाकार एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें