सोमवार, 30 मार्च 2026
Logo
Chhattisgarh

राजनांदगांव जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट खाली, सर्च ऑपरेशन जारी

08 जन, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
newsworld web

newsworld web

Sandeep Sinha
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinha

रिपोर्ट - कमलेश सिमानकर

राजनांदगांव | छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए मेल में कोर्ट परिसर में बम रखे होने और उसे उड़ाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया और एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को तत्काल खाली कराया गया।

धमकी की जानकारी मिलते ही न्यायालय परिसर में मौजूद  वकीलों, कर्मचारियों और आम नागरिकों में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा कारणों से कोर्ट की कार्यवाही स्थगित कर दी गई और वकीलों व आम नागरिकों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया। किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पूरे कोर्ट परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है। सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए हैं।
एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि धमकी भरा ई-मेल मिलने के तुरंत बाद कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर को खाली कराया गया है। फिलहाल सर्चिंग ऑपरेशन जारी है और अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। साथ ही साइबर टीम ई-मेल की ट्रेसिंग में जुटी हुई है, ताकि धमकी देने वाले की पहचान की जा सके।

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब देश के कई हिस्सों में अदालतों और सरकारी संस्थानों को इसी तरह की ई-मेल धमकियां मिल रही हैं। भले ही अधिकांश मामलों में ये धमकियां फर्जी साबित हुई हों, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर हर सूचना को गंभीरता से लिया जा रहा है। 
 
राजनांदगांव पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जांच जारी है।
 

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें