मंगलवार, 31 मार्च 2026
Logo
Chhattisgarh

सड़क दुर्घटना या सोची-समझी हत्या? महासमुंद हादसे पर उठे सवाल, विधायक ने जताया संदेह

06 अक्टू, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
newsworld web

newsworld web

Sandeep Sinha
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinha

रिपोर्ट - आनंद भोई

महासमुंद। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में बीती रात हुई एक सड़क दुर्घटना ने नया मोड़ ले लिया है। दो लोगों की मौत के इस मामले को लेकर अब राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। जहां पुलिस इसे शुरुआती तौर पर एक हादसा मान रही है, वहीं स्थानीय विधायक ने इसे सुनियोजित हत्या करार दिया है। घटना महासमुंद के साराडीह और खरोरा गांव के बीच रात करीब 8 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर के पति जितेंद्र चंद्राकर अपने साथी अशोक साहू के साथ सड़क किनारे खड़े थे, तभी अमन अग्रवाल नामक युवक ने अपनी तेज रफ्तार कार से दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जितेंद्र चंद्राकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अशोक साहू ने इलाज के दौरान आज सुबह दम तोड़ दिया।

घटना के बाद आरोपी अमन अग्रवाल खुद ही सिटी कोतवाली पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। उसने पुलिस को बताया कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना थी। हालांकि, अब इस पूरे मामले पर स्थानीय विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने बड़ा बयान देकर नया मोड़ ला दिया है। विधायक सिन्हा ने इस हादसे को जानबूझकर की गई हत्या बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमन अग्रवाल ने साजिश के तहत दोनों को कुचल कर मारने की कोशिश की, और अब मामले को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पुलिस से हत्या की धारा में मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या की आशंका को भी नज़र में रखते हुए पूछताछ जारी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक घटना ने न केवल दो परिवारों को गहरा सदमा दिया है, बल्कि पूरे इलाके में तनाव का माहौल भी बना दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस की जांच इस मामले को किस दिशा में ले जाती है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें