बुधवार, 01 अप्रैल 2026
Logo
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ के 13वें मुख्य सचिव बने विकास शील, महानदी भवन में संभाला कार्यभार

30 सित, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
newsworld web

newsworld web

Sandeep Sinha
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinha

रायपुर। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1994 बैच के वरिष्ठ अधिकारी विकास शील ने आज छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। वे राज्य के 13वें मुख्य सचिव नियुक्त किए गए हैं। मुख्य सचिव नियुक्त किए जाने से पूर्व शील एशियन डेवलपमेंट बैंक, मनीला में कार्यकारी निदेशक के पद पर कार्यरत थे। भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन के बाद उन्हें मध्यप्रदेश कैडर आवंटित हुआ था। नवंबर 2000 में राज्य पुनर्गठन के पश्चात वे छत्तीसगढ़ कैडर में आ गए। शील का प्रशासनिक अनुभव विविध रहा है। वे कोरिया, बिलासपुर और रायपुर जिलों में कलेक्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्कूल शिक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामान्य प्रशासन और स्वास्थ्य विभागों में सचिव पदों की जिम्मेदारी निभाई है। अप्रैल 2007 से अप्रैल 2008 तक वे राजधानी रायपुर के कलेक्टर भी रहे। 

वर्ष 2018 से वे भारत सरकार में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहे, जहां उन्होंने स्वास्थ्य मंत्रालय और जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में "जल जीवन मिशन" के मिशन डायरेक्टर के रूप में कार्य किया। विकास शील का जन्म 10 जून 1969 को हुआ था। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी.ई. और एम.ई. की डिग्री प्राप्त की है। इसके अलावा, उन्होंने अमेरिका की सिरैक्यूज़ यूनिवर्सिटी से लोक प्रशासन में मास्टर डिग्री और एक्जीक्यूटिव मास्टर डिग्री हासिल की है। वे स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन एवं नीति में एडवांस्ड स्टडी का प्रमाणपत्र भी प्राप्त कर चुके हैं। शील की नियुक्ति से राज्य प्रशासन में कार्यकुशलता, पारदर्शिता और नीतिगत मजबूती की अपेक्षा की जा रही है।

रिपोर्ट प्रशांत द्विवेदी

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें