
रायपुर। राजधानी में एक बार फिर से राजनीति के गलियारे में हलचल बढ़ गई है। मुद्दा है मंत्रिमंडल का विस्तार। शनिवार सुबह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से बातचीत में मुस्कुराहट के साथ मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत दिए। वहीं, शाम को राजभवन में उनकी दस्तक को विशेषज्ञों ने मंत्रिमंडल विस्तार की आहट माना है।
राज्यपाल रमेन डेका से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मुलाकात के बाद राजनीति से जुड़े विशेषज्ञ मंत्रिमंडल विस्तार की तारीख जल्द घोषित होने की उम्मीद जता रहे हैं। यह भी कहा जा रहा है कि मंत्रिमंडल में तीन और नए चेहरे शामिल होंगे। कई नामों पर जाति-क्षेत्र आदि के आधार पर प्रयास लगाए जा रहे हैं। इसमें तीन नाम सबसे आगे हैं। पहला गजेंद्र यादव, दूसरा गुरु खुशवंत और तीसरा नाम राजेश अग्रवाल का है।
अब जानते हैं क्यों आगे हैं ये तीन नाम

गजेंद्र यादव: इनका राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से गहरा जुड़ाव है। आरएसएस के सक्रिय कार्यकर्ता भी है। इनके पिता बिसरा राम यादव छत्तीसगढ़ प्रांत के संघचालक का दायित्व संभाल चुके हैं। गजेंद्र यादव दुर्ग के विधायक हैं। ये दो बार भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री रह चुके हैं। यह ओबीसी वर्ग से आते हैं, प्रदेश में साहू समाज के बाद यादव ही ओबीसी वर्ग में सर्वाधिक हैं। माना जा रहा है कि वोट बैंक के लिहाज से भी इनको मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।

गुरु खुशवंत साहेब: यह आरंग से विधायक हैं। सतनामी समाज के गुरु बालदास के बेटे और समाज के गुरु हैं। समाज के प्रमुख धार्मिक केंद्र भंडारपुरी गुरु गद्दी के उत्तराधिकारी हैं। गुरु खुशवंत साहेब को साय सरकार में मंत्री बनाकर भाजपा अनुसूचित जाति वर्ग के वोट बैंक में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। यह एससी सीटों का समीकरण प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं।

राजेश अग्रवाल: यह अंबिकापुर से विधायक हैं। कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए हैं। मंत्रिमंडल में उनकी दावेदारी इसलिए भी मजबूत मानी जा रही है, क्योंकि इन्होंने पूर्व डिप्टी सीएम और कांग्रेस के सीनियर लीडर टीएस सिंहदेव को हराया है। जातिगत समीकरण साधने के लिए भी इनको मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। साय कैबिनेट में वैश्य समाज से कोई चेहरा नहीं है।
मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा से पहले मंत्रिमंडल विस्तार के प्रयास
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विदेश दौरे से पहले मंत्रिमंडल विस्तार के कयास लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री 21 अगस्त को जापान और दक्षिण कोरिया की यात्रा पर रवाना होंगे। विशेषज्ञों की माने तो इससे पहले मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। सूत्रों की माने तो शीर्ष नेतृत्व से भी मुख्यमंत्री को मंत्रिमंडल में विस्तार के लिए सहमति मिल चुकी है। इसी कड़ी में उन्होंने शनिवार को राज्यपाल से मुलाकात की।
इन नामों पर भी चर्चा
गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब और राजेश अग्रवाल के अलावा बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, कुरुद विधायक अजय चंद्राकर के नाम की भी चर्चा चल रही है। यह भी माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल के विस्तार में नए चेहरे तो शामिल होंगे लेकिन पुराने चेहरों में बदलाव की उम्मीद बहुत कम है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

