
रायपुर। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को मंत्रालय में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि योजनाओं को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से लागू करना जरूरी है, जिससे कि शहरों के विकास को नई दिशा दी जा सके। विभागीय योजनाओं और सुविधाओं के क्रियान्वयन में और ज्यादा गति व पारदर्शिता के साथ परिणाममूलक कार्य करने की जरूरत है।
बैठक में विभागीय योजनाओं का सक्रियता से क्रियान्वयन कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने तथा स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों को प्रभावी तरीके से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि शहरों को स्वच्छ, सुंदर और नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण बनाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। बीते डेढ़ वर्षों में नगरीय प्रशासन विभाग ने कई नवाचार किए हैं, जिससे शहरी सेवाओं में व्यापक सुधार आया है। बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. और संचालक आर. एक्का भी बैठक में शामिल हुए।
ई-गवर्नेंस और मोर संगवारी योजना में तेजी लाने के निर्देश
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा संचालित ई-गवर्नेंस और मोर संगवारी योजना की समीक्षा करते हुए इनकी प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निदान-1100 योजना के विस्तार के साथ ही नए आरएफपी की प्रक्रिया को शीघ्र अंतिम रूप देने को कहा। उन्होंने अमृत मिशन के तहत बस्तर और सरायपाली के लिए तैयार किए गए डीपीआर का जल्दी परीक्षण कर प्राथमिकता से स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
इंजीनियरों की भर्ती की प्रक्रिया को जल्द शुरू किए जाने पर दिया जोर
उपमुख्यमंत्री ने स्थानीय निकायों के वर्गीकरण और सेटअप में सुधार के लिए राज्य शासन को भेजे गए प्रस्तावों की समीक्षा की। उन्होंने इंजीनियरों की भर्ती की प्रक्रिया को जल्द शुरू करने के लिए वित्त विभाग से अनुमति प्राप्त कर इसमें तेजी से कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में सभी विभागीय कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने और नगरीय निकायों को दक्ष व जवाबदेह बनाने पर जोर दिया। उन्होंने 15वें वित्त आयोग के तहत प्रस्तावित योजनाओं पर कार्यवाही जल्द शुरू करने के लिए कहा।
बैठक में ये रहे शामिल
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की उप सचिव डॉ. रेणुका श्रीवास्तव और डॉ. ऋतु वर्मा, राज्य शहरी विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शशांक पांडेय, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी दुष्यंत कुमार रायस्त, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य और मुख्य अभियंता राजेश शर्मा उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

