मंगलवार, 31 मार्च 2026
Logo
Chhattisgarh

मुरिया दरबार में शामिल हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त करने में सहयोग का किया आह्वान

04 अक्टू, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
Home Minister Amit Shah

Home Minister Amit Shah

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रिपोर्ट: प्रशांत द्विवेदी 

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बस्तर दशहरा पर्व के अवसर पर शनिवार को जगदलपुर के सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में शामिल हुए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मांझी-चालकी से सीधा संवाद किया और बस्तर से माओवाद को समाप्त करने में सहयोग देने की अपील की। 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि माओवाद से जुड़कर हथियार उठा चुके बच्चों को समझाएं कि वे मुख्यधारा में लौटें और शासन की योजनाओं का लाभ लें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बस्तर के विकास और नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए दृढ़संकल्पित हैं। अमित शाह ने मांझी-चालकी से कहा कि मार्च 2026 तक बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त कर दिया जाएगा। 

 

 

इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और अन्य अतिथियों का बस्तर दशहरा समिति के परंपरागत सदस्य मांझी-चालकी, मेम्बर-मेम्बरिन और नाईक-पाईक ने पारंपरिक पगड़ी एवं माला पहनाकर स्वागत किया।

 

हम सभी की जिम्मेदारी, युवा नक्सलवाद से न जुड़ें

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि हम चाहते हैं कि बस्तर के युवा डॉक्टर, इंजीनियर, डिप्टी कलेक्टर और कलेक्टर बनकर पूरे छत्तीसगढ़ की सेवा करें। यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि युवा नक्सलवाद से न जुड़ें और जो जुड़ चुके हैं, वे आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटें। जहां-जहां नक्सलवाद समाप्त हुआ है, वहां छत्तीसगढ़ सरकार तेजी से विकास कार्य कर रही है और लोगों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित कर रही है। 

 

बस्तर दशहरा पर्व लिए दी जाने वाली राशि 50 लाख रुपए की जा रही

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार बस्तर दशहरा पर्व को और भव्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बस्तर दशहरा के लिए दी जाने वाली राशि 25 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की जा रही है। साथ ही बस्तर दशहरा पर्व के परंपरागत स्थलों जिया डेरा, माडिया सराय इत्यादि के विकास और निर्माण कार्य भी सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

 

मुरिया दरबार में इनकी रही मौजूदगी

मुरिया दरबार को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, आदिम जाति कल्याण मंत्री रामविचार नेताम, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद कांकेर भोजराज नाग, विधायक जगदलपुर किरण देव, विधायक कोण्डागांव लता उसेण्डी, विधायक चित्रकोट विनायक गोयल, विधायक दंतेवाड़ा चैतराम अटामी, विधायक केशकाल नीलकंठ टेकाम, विधायक कांकेर आशाराम नेताम, बस्तर राजपरिवार के सदस्य कमलचंद्र भंजदेव, बस्तर दशहरा समिति के उपाध्यक्ष बलराम मांझी सहित बस्तर दशहरा समिति के पारंपरिक सदस्य मांझी-चालकी, मेम्बर-मेम्बरिन और नाईक-पाईक उपस्थित थे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें