
रायपुर। श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 32 डिंगापुर में आयोजित कार्यक्रम में चार वार्डों में होने वाले 1.11 करोड़ के 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि कोरबा विधानसभा के विकास कार्य तेज रफ्तार से हो रहे हैं, ये विष्णु के सुशासन की सरकार का ही परिणाम है कि अब एक-एक वार्ड में 50 लाख से एक करोड़ तक के कार्य एक साथ शुरू हो रहे हैं।
श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि अभी तो सरकार को एक साल ही हुए हैं, आने वाले 4 वर्षों में वार्डों को सारी समस्याओं से मुक्त और सुविधाओं से परिपूर्ण करने के लक्ष्य लेकर हम काम कर रहे हैं। मंत्री ने विकास कार्यों का भूमिपूजन कर शिलापट्टिका का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि हमारा एक ही प्रयास है विकास और तेज रफ्तार से कोरबा का विकास।
मंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद एक ही प्रयास रहा है कि किस तरह वार्डों और मोहल्लों को विकास हो। जिस तेज रफ्तार से कोरबा शहर बढ़ रहा है उसी रफ़्तार से विकास करने पर भी जोर दिया जा रहा है। जिससे हर गली आने वाले 5 साल में पक्की हो सके, नाली निर्माण और बिजली के खंभे लग सके। वार्ड क्रमांक 32 रिसदी में कुछ वर्ष पूर्व जर्जर आंगनबाड़ी धराशाही होकर ढह गया था। तब से वार्ड वासी मांग कर रहे थे कि सभी जगह नए आंगनबाड़ी भवन का निर्माण हो।
इन कार्यों की मंत्री ने रखी आधारशिला
वार्ड क्रमांक 29, पोड़ीबहार में सीसी रोड निर्माण कार्य लागत 10 लाख, वॉर्ड क्रमांक 31 दादर बांसवाडी के सामने सामुदायिक भवन निर्माण कार्य लागत 10 लाख, वॉर्ड क्रमांक 31 हाउसिंग बोर्ड कालोनी में सांस्कृतिक मंच निर्माण लागत 5 लाख, वार्ड क्रमांक 32 सतनाम नगर बस्ती में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य 10 लाख, वॉर्ड क्रमांक 33 रामपुर बस्ती में सीसी रोड निर्माण कार्य लागत 10 लाख, वार्ड क्रमांक 33 में नाली निर्माण 5 लाख, वार्ड क्रमांक 32 डिंगापुर 1, डिंगापुर 2, रिश्दी 1 में क्रमशः 12-12 लाख की लागत से तीन आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, वार्ड क्रमांक-31 दामाद मोहल्ला दादरखुर्द में सीसी रोड निर्माण कार्य 10 लाख, वॉर्ड क्रमांक 32 डिंगापुर संस्कार स्कूल के सामने सामुदायिक भवन निर्माण कार्य 10 लाख, वार्ड क्रमांक 32 रिश्दी बाजार के पास मुक्तिधाम निर्माण 5 लाख, कुल 1 करोड़ 11 लाख के विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई।
इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर पार्षद अजय गोंड, नारायण दास महंत, सुकुंदी यादव, पीलूराम साहू, सुमन सोनी, पूर्व पार्षद दिनेश वैष्णव, रमा मिरी, गुड़िया यादव,चन्दन सिंह, संजू सिंह, लक्ष्मण श्रीवास, शिव चंदेल, वैभव शर्मा, ललेश दुबे, अभिषेक पालीवाल समेत अधिक संख्या में कार्यकर्ता व वॉर्ड के स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

