मंगलवार, 31 मार्च 2026
Logo
Chhattisgarh

महाकवि कालिदास, गजानन माधव मुक्तिबोध, पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी जैसे साहित्यकारों ने छत्तीसगढ़ की मिट्टी से बनाई पहचान: विष्णु देव साय

05 अक्टू, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
Cm vishnu dev sai

Cm vishnu dev sai

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रिपोर्ट: प्रशांत द्विवेदी 

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार रात राज्य स्तरीय युवा कवि सम्मेलन में शामिल हुए।। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती सदा से साहित्य और संस्कृति की धरा रही है। महाकवि कालिदास ने इसी धरती पर मेघदूत जैसे अमर काव्य की रचना की। वहीं, गजानन माधव मुक्तिबोध और पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी जैसे यशस्वी साहित्यकारों ने इसी मिट्टी से अपनी पहचान बनाई। 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने पूर्व संसदीय क्षेत्र रायगढ़ के सुप्रसिद्ध संगीत सम्राट राजा चक्रधर सिंह को भी याद किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग और खेल एवं युवा कल्याण विभाग का यह अभिनव प्रयास प्रदेश की कला, साहित्य और रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें प्रोत्साहन देने का उत्कृष्ट माध्यम है। राज्य सरकार युवा साहित्यकारों, रचनाकारों और कलाकारों को निरंतर आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर रही है।

 

मुख्यमंत्री ने संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं से चयनित तीनों विजेताओं को बधाई  दी और कहा कि इस मंच के माध्यम से युवा कवियों को देश के ख्यातिलब्ध कवियों से मार्गदर्शन प्राप्त होगा, जिससे उनके रचनात्मक विकास को नई दिशा मिलेगी।

 

युवा कवियों के लिए सीखने और सृजन की प्रेरणा का अवसर: अरुण साव

उपमुख्यमंत्री व खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि यह सम्मेलन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवा कवियों के लिए सीखने और सृजन की प्रेरणा का अवसर है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति आरंभ से ही समृद्ध रही है, यहां मनुष्य के जीवन से लेकर मृत्यु तक हर अवसर पर गीत गाए जाते हैं।

 

काव्यपाठ के साथ विजेताओं का सम्मान भी

सम्मेलन में प्रतिष्ठित कवि शशिकांत यादव, दिनेश बावरा, नीलोत्पल मृणाल, कविता तिवारी और मनु वैशाली ने अपनी ओजपूर्ण और भावनात्मक कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। राज्य स्तरीय युवा कवि प्रतियोगिता में बिलासपुर जिले की निधि तिवारी ने प्रथम स्थान, मीरा मृदु ने द्वितीय स्थान तथा कोरिया जिले की अलीशा शेख ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने सभी विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

इनकी रही मौजूदगी 

इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर की उपस्थिति रही।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें