
भोपाल। मध्य प्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती इस बार भव्यता और गौरव के साथ मनाई जाएगी। राज्य सरकार ने इसे जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। 15 नवंबर को प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके मुख्य कार्यक्रम जबलपुर और आलीराजपुर में होंगे।
जबलपुर में मुख्य कार्यक्रम, सीएम और मंत्री रहेंगे मौजूद
मुख्य आयोजन जबलपुर में होगा, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शिरकत करेंगे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, वन मंत्री कुंवर विजय शाह और सांसद राकेश सिंह भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय महिला टीम की सदस्य क्रांति गौड़ का भी सम्मान करेंगे।
सभी जिलों में होंगे गौरव दिवस कार्यक्रम
सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। राज्य के सभी 54 जिलों में मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि कार्यक्रमों का संचालन सुचारू रूप से हो सके। राज्य, जिला और विकासखंड स्तर पर कार्यक्रमों के जरिए भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और जनजातीय समाज के उत्थान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का उद्देश्य रखा गया है।
बिरसा मुंडा का योगदान
भगवान बिरसा मुंडा को भारत के स्वतंत्रता संग्राम के पहले जननायक के रूप में जाना जाता है। उन्होंने आदिवासी समाज को ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संगठित किया और ‘उलगुलान’ (महाविद्रोह) का नेतृत्व किया। उनका जीवन आज भी संघर्ष, स्वाभिमान और आत्मसम्मान का प्रतीक है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

