
भोपाल। कंज्यूमर हेल्थकेयर कंपनी हेलियन की ओर से प्रदेश के पीथमपुर स्थित स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में स्थापित की जा रही भारत की पहली मैन्युफैक्चरिंग इकाई का भूमिपूजन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 8 जून को करेंगे। यह परियोजना मुख्यमंत्री के यूके प्रवास और वहां आयोजित निवेश संवादों से सार्थक हुई है।
करीब 2000 करोड़ रुपए की लागत से परियोजना स्थापित होने वाली है। पीथमपुर के स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में 40 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित की जाने वाली यह अत्याधुनिक इकाई मुख्य रूप से ओरल हेल्थ उत्पादों के निर्माण पर केंद्रित होगी। यहां उत्पादित सामग्री घरेलू बाजार की आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ एशिया-प्रशांत, मध्य-पूर्व और अफ्रीका क्षेत्र के अनेक देशों में निर्यात भी की जाएगी।
हेलियन वैश्विक स्तर पर कंज्यूमर हेल्थकेयर क्षेत्र की अग्रणी कंपनियों में शामिल है। सेंसोडाइन, क्रोसिन, ईनो, ओट्रिविन, आयोडेक्स, सेंट्रम और ऑस्टोकैल्शियम जैसे लोकप्रिय उत्पादों के माध्यम से कंपनी विश्वभर में अपनी मजबूत पहचान रखती है। करीब 170 से अधिक देशों में इसकी उपस्थिति है।
500 प्रत्यक्ष व 500 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर होंगे सृजित
परियोजना से करीब 500 प्रत्यक्ष और 500 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना सरकार की ओर से जताई जा रही है। इसके साथ ही स्थानीय एमएसएमई इकाइयों, सप्लायर नेटवर्क, परिवहन, लॉजिस्टिक्स तथा अन्य सहायक उद्योगों को भी नए अवसर प्राप्त होंगे। स्थानीय प्रतिभाओं के कौशल विकास को बढावा देने के साथ कम से कम 30 प्रतिशत महिला कार्यबल की रोजगार में भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

